कोरबा में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ग्राम नकटीखार में नाला किनारे चल रहे महुआ शराब के अवैध ठिकाने पर छापा मारा जहाँ दबिश देकर 41 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ दो आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा है।वही भारी मात्रा में महुआ लहान को नष्ट भी किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम नकटीखार तालाब के ऊपर साइड धरसा नाला के पास कुछ लोग अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बना रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।
मौके की तलाशी में पुलिस ने पाया कि आरोपी अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बना रहे थे और उसे अलग-अलग बर्तनों में भरकर रखे हुए थे। पुलिस ने मौके से कुल 41 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की, जिसकी बाजार कीमत करीब 4100 रुपये आंकी गई है। जब्त सामान में 15 लीटर की एक डिब्बी, 10-10 लीटर के जरीकेन और अन्य बर्तन शामिल हैं। वही भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब के ठिकाने पर भारी मात्रा में महुआ लहान भी डिब्बा में रखा हुआ था जहां पुलिस ने हजारों लीटर महुआ लहान को तत्काल नष्ट किया गया। बताया जा रहा कि इस मामले में और भी आरोपी है जो पुलिस को देखकर फरार हो गई है उसकी तलाश पुलिस कर रही है
पकड़े गए आरोपी निखिल कंवर, पिता संतोष सिंह, उम्र 22 वर्ष, निवासी नकटीखार ऊपर मोहल्ला, थाना सिविल लाइन रामपुर अजय कुमार मंझवार, पिता स्व. रविराम मंझवार, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम नकटीखार, थाना सिविल लाइन रामपुर निवासी है। सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन रामपुर में धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। फिलहाल मामले की विवेचना की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन में जिले में अवैध शराब, जुआ और सट्टा के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब बनाने या बेचने की सूचना तुरंत नजदीकी थाना में दें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।