जिले में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने और ग्रामीण युवाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से दो दिवसीय जिला स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शानदार आगाज़ मिनी स्टेडियम, बीजापुर में हुआ। 12 और 13 फरवरी तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में जिले की विभिन्न टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।
प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला पंचायत सदस्य मैथ्यूज कुजूर, कलेक्टर संबित मिश्रा, सीईओ जिला पंचायत नम्रता चौबे और जिला खेल अधिकारी नारायण प्रसाद गवेल ने किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में जिले की 28 ग्राम पंचायतों की टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिससे माहौल में उत्साह और प्रतिस्पर्धा का संचार हुआ है। आयोजन समिति ने विजेता टीमों के लिए आकर्षक पुरस्कार राशि की घोषणा की है। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 51,000 रुपये और ट्रॉफी, द्वितीय स्थान पर रहने वाली टीम को 21,000 रुपये और ट्रॉफी, तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 11,000 रुपये और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विशेष पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।
प्रतियोगिता की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि इसमें चयनित जिले की टॉप 4 टीमें आगामी 18, 19 और 20 फरवरी को होने वाले ऑल इंडिया टूर्नामेंट में सीधे प्रवेश करेंगी। इससे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अनूठा अवसर मिलेगा। यह जिला स्तरीय प्रतियोगिता खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रही है, तथा जिले में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।