जिले की शाहपुर थाना पुलिस ने ग्राम बोरसल में हुए सनसनीखेज अंधेकत्ल का महज 12 घंटे में खुलासा करते हुए हत्या के आरोपी ज्ञानेश्वर उर्फ दीपक पाटील को गिरफ्तार कर लिया। त्वरित कार्रवाई और सटीक जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह ग्राम बोरसल स्थित एक अवैध शराब बिक्री स्थल के पास एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। सूचना मिलते ही शाहपुर थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की पहचान खापरखेड़ा निवासी नितिन कोली के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर हत्या का मामला दर्ज किया और अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
ये भी पढ़ें-
जहरीला पदार्थ पीने से पहले मेहंदी से लिखे संदेश, विवाहिता की मौत के बाद पुलिस जांच तेज
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच तेज की। संदेह के आधार पर गांव के पांच लोगों से पूछताछ की गई। तकनीकी साक्ष्यों, घटनास्थल से मिले सुरागों और पूछताछ के आधार पर पुलिस की जांच ज्ञानेश्वर उर्फ दीपक पाटील तक पहुंची।
थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा ने बताया कि घटना से पहले नितिन कोली और आरोपी ज्ञानेश्वर उर्फ दीपक पाटील साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर नितिन ने आरोपी पर ईंट से हमला कर दिया। इससे गुस्साए आरोपी ने पास में पड़ी लकड़ी से नितिन के सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए गए। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।