NEET परीक्षा पेपर लीक मामले और दिल्ली में छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में सोमवार को छिंदवाड़ा की सड़कों पर सियासी माहौल गरमा गया। कांग्रेस के आह्वान पर NSUI ने केंद्र सरकार के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन करने की कोशिश को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस ने वाटर कैनन से पानी की बौछार कर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता पीछे नहीं हटे। उन्होंने भीग चुके पुतले के बचे हुए हिस्से में आग लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया।
बता दें कि गुरुवार को दोपहर में बड़ी संख्या में NSUI पदाधिकारी और कार्यकर्ता हाथों में बैनर, तख्तियां और झंडे लेकर निर्धारित स्थान पर पहुंचे। केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि NEET परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है। प्रदर्शनकारी दोषियों पर सख्त कार्रवाई और छात्रों को न्याय दिलाने की मांग कर रहे थे।
ये भी पढ़ें- NEET पेपर लीक पर संग्राम: भाजपा मुख्यालय घेरने निकली कांग्रेस,बैरिकेड पर चढ़े कार्यकर्ता,पुलिस से धक्का-मुक्की
पुतला दहन को लेकर बढ़ा तनाव
प्रदर्शन के दौरान जैसे ही कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला जलाने की कोशिश की, मौके पर मौजूद पुलिस बल ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच पहले तीखी बहस हुई, फिर धक्का-मुक्की शुरू हो गई। कुछ देर के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी जैसे हालात बन गए। पुलिस ने सुरक्षा घेरा मजबूत करते हुए कार्यकर्ताओं को पीछे धकेला और पुतला छीनने का प्रयास किया।
वाटर कैनन चला, फिर भी नहीं रुके प्रदर्शनकारी
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। पानी की तेज बौछार से पुतला पूरी तरह भीग गया और प्रदर्शनकारी भी तितर-बितर हो गए, लेकिन कुछ ही देर बाद कार्यकर्ता दोबारा एकत्र हुए और भीग चुके पुतले के बचे हुए हिस्से में आग लगाकर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में नारेबाजी होती रही।
NSUI ने लगाए गंभीर आरोप
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे NSUI नेताओं ने आरोप लगाया कि NEET पेपर लीक से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उनका कहना था कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं, लेकिन सरकार जवाबदेही तय करने के बजाय विरोध करने वाले छात्रों की आवाज दबाने में लगी है। उन्होंने निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और छात्रों के हितों की रक्षा की मांग की।
ये भी पढ़ें- 'कीड़ा' टिप्पणी विवाद: सिंघार पर पलटवार,मंत्री कैलाश विजयवर्गीय बोले-ऐसा कहा ही नहीं, करूंगा मानहानि का मुकदमा
चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात
प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने पहले से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए थे ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की और स्थिति को नियंत्रित रखा।
शहर में दिनभर बनी रही चर्चा
प्रदर्शन और पुलिस-NSUI के बीच हुई धक्का-मुक्की का घटनाक्रम पूरे दिन शहर में चर्चा का विषय बना रहा। घटना के वीडियो और तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होती रहीं। हालांकि प्रदर्शन के बाद स्थिति सामान्य हो गई, लेकिन NEET पेपर लीक को लेकर छात्रों और राजनीतिक दलों का विरोध लगातार तेज होता दिखाई दे रहा है।