दमोह जिले के पथरिया थाना क्षेत्र में आने वाले दमोह पथरिया मार्ग पर बेलखेड़ी पुल के समीप शनिवार दोपहर एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार पति-पत्नी और साली घायल हो गए। इस घटना में लखरोनी निवासी सुनील अहीरवाल को गंभीर चोट आई है, जिसे दमोह जिला अस्पताल और फिर यहां से जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
घायल की पत्नी मानसी ने बताया कि मैं अपनी बहन का इलाज कराने के लिए पति के साथ बाइक से दमोह जा रही थी। तभी दमोह तरफ से आ रही पिकअप के चालक ने गलत साइड से गाड़ी सड़क पर लाते समय बाइक में टक्कर मार दी और मेरे पति के ऊपर से गाड़ी निकाल दी। इस हादसे में मेरे पति को गंभीर चोट आई है। मुझे और मेरी बहन को सामान्य चोट आई। घटना के बाद घायल युवक की गंभीर हालत को देखते हुए पिकअप वाहन चालक ने वाहन में सवार मजदूरों को वहीं पर उतारा और वाहन लेकर फरार हो गया है।
ये भी पढ़ें-
मैहर में संत कालीचरण का बेतुका बयान, बोले- इस मंत्र के जाप से खत्म हो जाएगा लव-जिहाद का टोटका
स्थानीय लोगों ने घायल की मदद की उसे पानी पिलाया और मुंह पर पानी डाला जिससे घायल सुनील बेहोश नहीं हो पाया। उसके बाद 108 एंबुलेंस को जानकारी देकर पथरिया स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन सिर में गंभीर चोट होने के चलते डाक्टरों ने जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस पिकअप क्रमांक एमपी 20 जेडडी 8970 की पुलिस तलाश कर रही है।
पुल के समीप चल रहा कार्य
बता दें दमोह पथरिया मार्ग पर बेलखेड़ी के समीप सुनार नदी पर बने पुल के पास काम चल रहा है। इसलिए कच्चे मार्ग से वाहनों की आवाजाही चालू है। यहां प्रतिदिन इसी तरह सड़क हादसे होते रहते हैं।