दमोह में सात मरीजों की मौत का आरोप झेल रहे मिशन अस्पताल का लाइसेंस सीएमएचओ ने निलंबित कर दिया। बुधवार को एक पत्र जारी कर मिशन अस्पताल प्रबंधन को इसकी जानकारी दी गई। साथ ही स्पष्ट किया गया कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। हालांकि, मिशन अस्पताल की प्रबंधक पुष्पा खरे ने कहा कि अभी तक उन्हें सीएमएचओ कार्यालय से इस प्रकार का कोई पत्र प्राप्त नहीं हुआ है।
सीएमएचओ डॉ. मुकेश जैन ने बताया कि मिशन अस्पताल द्वारा लाइसेंस नवीनीकरण के लिए आवेदन किया गया था। लेकिन, जो दस्तावेजों मांगे गए थे उन्हें पूरा नहीं किया गया। ऐसे अस्पताल प्रबंधन को एक सप्ताह का समय भी दिया गया था। लेकिन, इसके बाद भी दस्तावेज सबमिट नहीं किए गए। इसके अलावा, मिशन अस्पताल में न तो लैब टेक्नीशियन है और न ही कार्डियोलॉजिस्ट। इन सभी कमियों को ध्यान में रखते हुए अस्पताल का लाइसेंस निलंबित किया गया है। अब अस्पताल में मरीजों का इलाज नहीं किया जा सकेगा। सीएमएचओ जैन ने बताया कि अस्पताल के पंजीयन की वैधता 31 मार्च 2025 तक थी।
ये भी पढ़ें:
बिस्किट दिखाकर पकड़ा, फिर चारपाई से बांधकर पीटा, प्लास से तोड़े दांत; कुत्ते से हुई हैवानियत की तस्वीरें
सीएमएचओ के पत्र में क्या?
सीएमएचओ डॉ. मुकेश जैन की ओर से जारी आदेश में अस्पताल के लाइसेंस को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। साथ ही, अस्पताल में मौजूद सभी मरीजों को तीन दिन के अंदर जिला अस्पताल में शिफ्ट कराने की बात कही गई है। हालांकि, मिशन अस्पताल में वर्तमान में कोई भी मरीज भर्ती नहीं है। केवल, ओपीडी ही चल रही थी।
ये भी पढ़ें:
19 की उम्र, छह राज्यों में धमक और 100 से ज़्यादा चोरी के बाद थाने पहुंचकर बोली- साहब! सजा दे दो
प्रबंधक बोलीं- लाइसेंस रिन्यू हो चुका है
मिशन अस्पताल की प्रबंधक पुष्पा खरे ने बताया कि अभी तक उन्हें सीएमएचओ कार्यालय से लाइसेंस निलंबित करने संबंधी कोई पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि अस्पताल का लाइसेंस 14 अप्रैल को रिन्यू हो चुका है। अधिकारियों को अस्पताल का निरीक्षण करना है, इस दौरान टीम जो कमियां बताएगी, उन्हें दूर किया जाएगा। पुष्पा खरे ने कहा कि पैथोलॉजिस्ट ने समय से पहले ही इस्तीफा दे दिया था, इसलिए पैथोलॉजी और डायलिसिस यूनिट को बंद कर दिया गया है। डायलिसिस यूनिट का नवीनीकरण भी नहीं हुआ है।
पुलिस ने अस्पताल की जिस समिति पर मामला दर्ज किया है, वह समिति 2022 की है। इसे लेकर कोर्ट में जवाब पेश किया जाएगा।