दमोह के कोतवाली थाना क्षेत्र के पथरिया फाटक इलाके के वार्ड नंबर 6 में मंगलवार रात एक दामाद ने अपनी सास-ससुर पर फरसा से जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जबकि स्थानीय लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मामले की जानकारी मिलने पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पारिवारिक विवाद बना हमले की वजह
पीड़िता वर्षा जाटव ने बताया कि उसका पति परमानंद जाटव आए दिन उसके साथ मारपीट करता था और दो दिन पहले उसे घर से निकाल दिया था। जब वह मंगलवार रात अपने बच्चों के कपड़े लेने घर पहुंची, तो घर में ताला लगा हुआ था। उसने ताला तोड़ा, तभी पति वहां आ गया और गाली-गलौज करने लगा।
ये भी पढ़ें-
18 महीने पहले हत्या, अब लौटी महिला, परिवार ने किया था क्रियाकर्म, आरोपी जेल में कैद; बताया तब क्या हुआ था?
झगड़े के बीच वर्षा के पिता वहां पहुंचे तो परमानंद ने अपने परिवार के अन्य सदस्यों—त्रिलोक, अज्जू, मीना, ममता और गीता के साथ मिलकर फरसा से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई वर्षा की मां पर भी हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना की सूचना पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज किए। कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट और अन्य धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश जारी है।
ये भी पढ़ें-
टायर फटने के बाद ट्रक से टकराया पिकअप, सड़क हादसे में दो की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल
हाईवे पर बाइक सवार पर हमला, लूटपाट
दमोह-सागर स्टेट हाईवे पर बांसा टोल नाके के पास मंगलवार रात बाइक सवार देवेंद्र पांडे पर पांच लोगों ने डंडों से हमला कर दिया। हमलावर 6,000 रुपये नकद और एक मोबाइल लूटकर फरार हो गए। घायल देवेंद्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।