दमोह के नोहटा थाना क्षेत्र के पटना खुर्द गांव में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में ग्राम कोटवार की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर की सर्विसिंग कराकर दमोह से अपने गांव लौट रहे कोटवार का वाहन गांव के पास मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में वह ट्रैक्टर के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय बहादुर कोटवार, निवासी पटना खुर्द के रूप में हुई है। हादसे के बाद शव को जिला अस्पताल की शवगृह में रखवाया गया है। रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मृतक के जीजा कमलेश बांसल ने बताया कि उन्हें फोन पर सूचना मिली थी कि बहादुर ट्रैक्टर के नीचे दब गए हैं। जब वे जिला अस्पताल पहुंचे तो उनका शव अस्पताल की शवगृह में रखा मिला।
स्थानीय लोगों के अनुसार बहादुर अपने ट्रैक्टर की सर्विसिंग कराने दमोह आए थे। शनिवार शाम वह ट्रैक्टर लेकर वापस पटना खुर्द लौट रहे थे। गांव के प्रवेश मार्ग पर स्थित मोड़ के पास अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे वह उसके नीचे दब गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और काफी प्रयास के बाद उन्हें बाहर निकालकर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
ये भी पढ़ें- एमपी: सनकी आशिक का खूनी हमला, शादी से इनकार पर युवती को चाकू से गोदा; सिर, चेहरे व पीठ पर गंभीर चोटें
नोहटा थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं, जिनमें दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं। अचानक हुए इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है।