बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी और सोनू सूद ने सोमवार को दतिया स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ पीतांबरा मंदिर में माता बगलामुखी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। दोनों सितारों ने देश-प्रदेश की सुख-शांति की कामना की। दर्शन के बाद उन्होंने मंदिर परिसर में स्थित महाभारत कालीन वनखंडेश्वर महादेव शिवलिंग का जलाभिषेक भी किया। दोनों अभिनेताओं की उपस्थिति को देखते हुए मंदिर और जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। मंदिर परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुव्यवस्थित किया गया।
बताया जा रहा है कि सुनील शेट्टी और सोनू सूद ग्वालियर में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे प्रबल प्रताप सिंह तोमर के शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इसके अगले दिन दोनों दतिया पहुंचे और दर्शन के बाद सड़क मार्ग से ग्वालियर लौट गए। उसके बाद आज मुंबई के लिए रवाना होंगे।
ये भी पढ़ें-
बड़े ने सोते समय कुल्हाड़ी से अलग कर दी छोटे भाई की गर्दन, शादी का रिश्ता बना भयानक मौत की वजह
बता दें ग्वालियर में रविवार को मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे प्रबल प्रताप सिंह तोमर की शादी का रिसेप्शन का आयोजन हुआ है। इसमें उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, केंद्रीय मंत्री समेत कई वीवीआईपी शामिल हुए। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल मंगू भाई पटेल और सीएम डॉ. मोहन यादव ने भी वर वधु को आशीर्वाद दिया। बॉलीवुड स्टार सुनील शेट्टी, सोनू सूद और प्राची देसाई भी ग्वालियर पहुंचे।
ये भी पढ़ें-
बांदकपुर से लौट रहे यात्रियों पर चलती ट्रेन में बेखौफ बदमाशों का हमला, मोबाइल और नकदी लेकर फरार हुए हमलावर
नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे प्रबल प्रताप सिंह तोमर की जयपुर में मंगलवार रात को शादी हुई। जय महल पैलेस में रात को दूल्हे प्रबल प्रताप और दुल्हन भरतपुर की अरुंधति सिंह ने एक दूसरे को वरमाला पहनाई। शादी में राजस्थान समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री, मंत्री और राजनेता शामिल हुए थे। कई बॉलीवुड सेलिब्रिटी भी शादी में शामिल होने पहुंचे थे।