मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को देवास जिले के बागली पहुंचे, जहां उन्होंने विकास कार्यों की झड़ी लगा दी। मुख्यमंत्री ने कुल 323 करोड़ 91 लाख रुपए की लागत से बनने वाले 63 विकास कार्यों का डिजिटल लोकार्पण किया। इसके साथ ही बागली क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं, जिनसे क्षेत्र में विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बागली पहुंचने पर सर्वप्रथम पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद उनका रथ बागली नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा, जहां नागरिकों ने उन पर पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. यादव और उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कन्या पूजन के साथ किया।
सीएम राइस स्कूल का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने बागली में सीएम राइस स्कूल का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सरकार की प्राथमिकता है और राइस स्कूल जैसी पहलें ग्रामीण अंचलों के बच्चों के लिए नए अवसर खोलेंगी।
ये भी पढ़ें- 4.50 लाख पेंशनरों को महंगाई राहत में 2% की बढ़ोतरी, सोयाबीन के भावांतर को कैबिनेट की मंजूरी
323 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 237 करोड़ रुपए लागत की नेमावर समूह जल प्रदाय योजना, 34 करोड़ रुपए की लागत से सांदीपनि विद्यालय भवन निर्माण, तथा अन्य परियोजनाओं सहित कुल 63 विकास कार्यों का डिजिटल लोकार्पण किया। इसके साथ ही 12 करोड़ 77 लाख रुपए की लागत से 491 ग्राम पंचायतों में 422 बाल वाटिकाओं का भी उद्घाटन किया गया।
देवास जॉब पोर्टल का शुभारंभ
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने देवास जॉब पोर्टल का शुभारंभ भी किया। इस मंच के माध्यम से युवाओं को रोजगार से जोड़ने की पहल की गई है। पोर्टल से लाभान्वित हुए पांच युवाओं को मुख्यमंत्री ने स्वयं नियुक्ति पत्र सौंपे।
ये भी पढ़ें- सीएम के निर्देश के बाद 11 पुलिसकर्मियों पर एफआईआर, एसडीओपी पूजा पांडेय व टीआई समेत पांच गिरफ्तार
मुख्यमंत्री की घोषणाएं
बागली की जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देवास जिले में विकास तेजी से हो रहा है और अब बागली क्षेत्र को भी नई सुविधाओं से जोड़ा जाएगा। उन्होंने मंच से कई प्रमुख विकास कार्यों की घोषणा की—
धाराजी घाट का विकास, बागली से जटाशंकर होते हुए कांटाफोड़ तक 17 किमी सड़क निर्माण, फतेहगढ़ घाट का निर्माण, पीपरी में नवीन पुलिस चौकी की स्थापना, 100-100 सीटर पोस्ट मैट्रिक बालक-बालिका छात्रावास का निर्माण, सतवास के छात्रावास को 50 से बढ़ाकर 100 सीटर किया जाएगा, बागली नगर परिषद को विशेष निधि से 10 करोड़ रुपये प्रदान किए जाएंगे>
मुख्यमंत्री ने कहा कि “देवास की धरती विकास की नई मिसाल बन रही है। जब मैं हेलीकॉप्टर से यहां आ रहा था, तो मुझे लगा कि यह इलाका किसी भी विकसित क्षेत्र से कम नहीं है। हमारी सरकार विकास और जनता की भलाई के लिए निरंतर कार्य कर रही है।” कार्यक्रम में बागली विधायक मुरली भंवरा ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए क्षेत्र के लिए विभिन्न विकास कार्यों की स्वीकृति का अनुरोध किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल कई घोषणाएं कीं।