गुना के बीजी रोड ओवरब्रिज के नीचे गुरुवार तड़के करीब 4 बजे शॉर्ट सर्किट से आग लगने की घटना सामने आई। इस हादसे में कपड़े की एक गोदाम पूरी तरह जलकर राख हो गई, जबकि आसपास की दो दुकानों और एक स्कूटी को भी भारी नुकसान हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रेलवे फाटक के पास स्थित विद्युत मीटर में शॉर्ट सर्किट होने के बाद तार उखड़ गए और मीटर के ऊपर रखी पॉलीथिन में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें कपड़े से भरी गोदाम तक पहुंच गईं। गोदाम से आग की तेज लपटें निकलती देख पास में दुकान चला रहे दिव्यांग सोनू ने घबराकर स्थानीय लोगों को इकट्ठा किया। हालांकि, आग पर काबू पाने की कोशिशों से पहले ही पूरी गोदाम जलकर राख हो गई।
इस हादसे में गोदाम के मालिक भरत कुमार जोगी का भारी नुकसान हुआ है। भरत कोतवाली गली में अस्थायी हौजरी की दुकान लगाते हैं। आग की चपेट में गोदाम के पास खड़ी विनोद कुमार समर की स्कूटी भी आ गई, जिसे उनकी बेटी ने मध्यप्रदेश सरकार द्वारा मिली 25,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि और परिवार की मदद से खरीदा था। स्कूटी जलने से छात्रा बेहद दुखी है।
इसके अलावा, आगजनी में दिव्यांग सोनू की दुकान को भी नुकसान पहुंचा है। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट से पॉलीथिन में लगी आग फैलने के कारण यह हादसा हुआ। आग लगने की इस घटना से स्थानीय लोगों में भय और चिंता का माहौल है। फिलहाल प्रशासन से मदद की उम्मीद की जा रही है।