स्वतंत्रता दिवस के पहले ग्वालियर पुलिस ने 451 लोगों को खुशियों की सौगात दी है। पिछले दिनों गुम हुए इन लोगों के मोबाइल फोन तलाश कर बरामद कर पुलिस ने आज एक करोड़ तीन लाख रुपये से ज्यादा कीमत के 451 मोबाइल उनके असली मालिकों को वापस लौटाए। मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई।
ग्वालियर पुलिस ने आजादी के पर्व से पहले 451 लोगों को उनके गुम हुए मोबाइल वापस कर बड़ी राहत दी है। पुलिस ने पिछले तीन महीनों में एक करोड़ तीन लाख रुपये से अधिक कीमत के 451 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके बाद तेरा तुझको अर्पण कार्यक्रम आयोजित कर सभी मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे गए।
ये भी पढ़ें: Bhopal: भोपाल-आगरा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे को मंजूरी, 15 हजार करोड़ की परियोजना से 7 घंटे में पूरा होगा सफर
पूरे ग्वालियर जिले के 451 लोगों को जब उनके गुम हुए मोबाइल वापस मिले तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। इनमें आम लोगों के साथ-साथ मिलिट्री और पुलिस विभाग के कर्मचारियों के मोबाइल भी शामिल थे। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने ग्वालियर पुलिस का आभार जताया और पुलिस की इस पहल की सराहना की। बीएसएफ टेकनपुर के जवान अनूप कुमार का मोबाइल भी गुम हो गया था। जब उन्हें उनका मोबाइल वापस मिला तो उन्होंने ग्वालियर पुलिस की तारीफ करते हुए कहा कि पुलिस की सेवा भी देशभक्ति से कम नहीं है।
ग्वालियर पुलिस की मोबाइल रिकवरी मुहिम लगातार जारी है। पुलिस के मुताबिक इस साल अब तक करीब तीन करोड़ रुपये कीमत के 1265 गुम हुए मोबाइल फोन तलाशकर उनके मालिकों को वापस लौटाए जा चुके हैं। स्वतंत्रता दिवस से पहले पुलिस की इस पहल ने सैकड़ों परिवारों के चेहरों पर मुस्कान ला दी।