जबलपुर के नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग में पदस्थ महिला असिस्टेंट प्रोफेसर पर युवक ने चाकू से हमला कर दिया। आरोपी युवक चोरी की नीयत से घर में घुसा था। महिला असिस्टेंट प्रोफेसर को घर में देखकर उसने चाकू से हमला कर दिया। क्षेत्र के लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
गढ़ा सीएसपी आशीष जैन के मुताबिक, कृष्ण परिसर में रहने वाली डॉक्टर नीलम सिंह जब घर पर अकेली थीं, तभी आरोपी चोरी की नीयत से दरवाजा खोलकर अंदर घुस गया। महिला असिस्टेंट प्रोफेसर को देखकर आरोपी युवक ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू के हमले में डॉ. नीलम सिंह के पेट और सीने में गंभीर चोटें आईं। वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ीं और बेहोश हो गईं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भाग रहे युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
ये भी पढ़ें:
'साईं बाबा की मूर्ति कुएं में डाल दो,फोटो जला दो': महामंडलेश्वर बोले- हम फकीर की पूजा क्यों करें?
गढ़ा थाना पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपी युवक मुकुल कहार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवक गत दिवस काम मांगने के लिए महिला असिस्टेंट प्रोफेसर के घर पहुंचा था। पुलिस ने घायल महिला प्रोफेसर को उपचार के लिए अस्पताल भेजा और आरोपी युवक के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। घायल महिला असिस्टेंट प्रोफेसर की हालत गंभीर बताई जा रही है।
ये भी पढ़ें:
'मैं जा रही हूं', जिस पर लगाए उत्पीड़न के आरोप, वो HC का जज बना तो महिला जज ने दिया इस्तीफा; भावुक कर देगा