क्राइम ब्रांच और सिहोरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मनसकरा तिराहे पर घेराबंदी कर बस से उतरते ही आधा दर्जन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने कुल 26 किलो 978 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 13 लाख 48 हजार 900 रुपये बताई जा रही है, जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर क्राइम ब्रांच और सिहोरा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मौके पर घेराबंदी की और संदिग्धों को पकड़ा।
पढ़ें: देवास में फिर बेटी की कोख पर वार?: वायरल वीडियो के बाद निजी अस्पताल पहुंची टीम, डॉक्टरों पर आरोप; जांच जारी
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम नंदनी देवी गढ़वाल (37), कामिनी बैन (27), वैष्णवी उर्फ जया बैन (24), अजय प्रजापति (29) और दीपक चौरसिया (30) बताए। तलाशी के दौरान अलग-अलग बैग और थैलों से कुल 18 किलो 83 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे उड़ीसा से गांजा लेकर आए थे और करीब 20 किलो गांजा पहले ही कुसनेर निवासी सोनू उर्फ विष्णु पटेल को बेच चुके थे। इसके बाद पुलिस ने कुसनेर में दबिश देकर विष्णु पटेल (44) को गिरफ्तार किया और उसके पास से 8 किलो 895 ग्राम गांजा बरामद किया। इस तरह कुल 26 किलो 978 ग्राम गांजा जब्त करते हुए पुलिस ने सभी छह आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।