मध्यप्रदेश के कटनी जिले में भू-माफिया लगातार पैर पसार रहे हैं। ताजा मामला माधवनगर इलाके से सामने आया है, जहां अवैध प्लॉटिंग करते हुए भू-माफियाओं ने सरकारी नाले का रूट डायवर्ट कर दिया। स्थानीय लोगों की शिकायत पर महापौर प्रीति सूरी एमआईसी सदस्य के साथ मौके पर पहुंचीं और लोगों से बातचीत कर उनकी परेशानियां सुनीं। मौके पर ही नगर निगम कमिश्नर नीलेश दुबे से जांच करवाई गई और आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की बात कही गई।
ये भी पढ़ें:
बिस्किट दिखाकर पकड़ा, फिर चारपाई से बांधकर पीटा, प्लास से तोड़े दांत; कुत्ते से हुई हैवानियत की तस्वीरें
जानकारी के अनुसार, माधवनगर की रिहायशी बस्ती से सटे एमईएस कॉलोनी के पीछे सुशील मोटवानी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लगभग 8 से 10 एकड़ भूमि में नगर निगम से बिना अनुमति लिए अवैध कॉलोनी काटकर उसे बेचना शुरू कर दिया। इस प्लॉटिंग वाली जमीन से होकर दो 10 फीट चौड़े सरकारी नाले गुजरते थे, जिन्हें उन्होंने मिट्टी से पाटते हुए उनका रूट डायवर्ट कर दिया और आकार भी छोटा कर दिया। इसकी शिकायत मिलते ही महापौर प्रीति सूरी नगर निगम कमिश्नर सहित दल-बल के साथ मौके पर पहुंचीं। लोगों से चर्चा करते हुए नाले को उसके पूर्व स्वरूप में लाने और अवैध प्लॉटिंग करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की बात कही।
ये भी पढ़ें:
19 की उम्र, छह राज्यों में धमक और 100 से ज़्यादा चोरी के बाद थाने पहुंचकर बोली- साहब! सजा दे दो
नगर निगम कमिश्नर नीलेश दुबे ने बताया कि लोगों की शिकायत पर हम मौके पर पहुंचे, जहां नाले की दिशा परिवर्तित पाई गई। इससे आगामी बारिश के दिनों में समदड़िया कॉलोनी, एमईएस कॉलोनी सहित आस-पास की बस्तियों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसके लिए मेरे द्वारा भूमि के खसरा नंबर के आधार पर भू-स्वामी एवं मद आदि की जानकारी प्राप्त कर अवैध कॉलोनाइजर पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही इंजीनियर को जल्द ही नया ले-आउट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि नाले को उसके पुराने स्वरूप में लाया जा सके।