कटनी जिले के बहोरीबंद ओपन कैप में धर्मकांटे से छेड़छाड़ का मामला समाने आया है, जिसकी फोटो वायरल होते ही कटनी कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने चार विभागों को मिलाकर संयुक्त टीम को मौके पर पहुंचकर जांच रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए थे।
दरअसल, बहोरीबंद ओपन कैप में धान की बोरियां खाली होने के बाद वजन करवाने पहुंच रहे ड्राइवरों के साथ धर्मकांटे में बैठे स्टेट वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन का कर्मी द्वारा धान में धांधली के करने के लिहाज़ से खड़े ट्रक के साथ कांटे में दो लोग और 20-20 किलो के दो बांट रखकर खाली ट्रक के साथ वजन करवाया जा रहा था। इसकी फोटो वायरल होते ही पूरे मामले को कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने संज्ञान लिया। खाद्य, नान और नापतौल विभाग सहित अन्य विभागों को मिलाकर संयुक्त टीम बनाई और जांच रिपोर्ट बनाने के निर्देश दिए थे।
स्टेट वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन के बहोरीबंद ओपन कैप में 35 हजार मीट्रिक टन की क्षमता है। जहां पर धान परिवहन कर रखी जा रही है, जिसकी जांच करने पहुंची संयुक्त टीम ने पाया कि धर्मकांटे का संचालन SWC (स्टेट वेयर हाउसिंग) के कर्मचारी द्वारा किया जा रहा था और इसकी जानकारी धर्मकांटा का संचालन करने वाली अनुबंधित कंपनी को नहीं थी।
वहीं, ट्रांसपोर्ट ठेकेदार के धांधली के आरोप पर संयुक्त जांच टीम ने सभी के बयान दर्जकर लिए हैं। जानकारी के मुताबिक, पूरी जांच में वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन के साथ नापतौल विभाग की भूमिका संदिग्ध प्रतीत रही है। क्योंकि वायरल फोटो में दिख रहे दोनों शख्स मौके पर नहीं मिले और तो और जिस कांटे से गाड़ियों का वजन दो से ढाई क्विंटल कम आ रहा था, वहीं संयुक्त टीम के समाने अचानक सही वजन दिखाने लगा।
जांच टीम में शामिल नापतौल इंस्पेक्टर माजिद खान ने बताया कि धर्मकांटे में गड़बड़ी वायरल फोटो और ट्रांसपोर्ट ठेकेदार की शिकायत पर कलेक्टर के निर्देश पर बहोरीबंद ओपन कैप में धर्मकांटे की जांच गई। जहां संबंधितों के बयान दर्ज किए गए हैं, अभी कई बिंदुओं पर जांच करनी है। प्राथमिक तौर पर कुछ कह नहीं सकते। वहीं, नागरिक आपूर्ति निगम अधिकारी देवेंद्र तिवारी ने कहा कि बहोरीबंद ओपन कैप में गड़बड़ी की जांच की जा रही है। साथ ही धान भंडारण में में कोई व्यवधान न आए, उसे भी ठीक करने का काम किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट जल्द कलेक्टर को सौंपी जाएगी। फिलहाल, कलेक्टर दिलीप यादव पूरे मामले पर गंभीर नजर आ रहे हैं। देखना ये है पूरे मामले पर किस पर गाज गिरेगी।