मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में पहले चोरी करने और फिर चोर के पकड़ाए जाने का एक अजीब मामला सामने आया है। अपने खेत मालिक के सूने घर में गेहूं की चोरी करने गए नौकर के हाथ अचानक खजाना लग गया। इसके बाद उसने मालिक द्वारा गेहूं की पेटी में छिपाए गए जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। इसके बाद आरोपी नौकर शराब पीने के लिए दुकान पहुंच गया, जहां उसने नगद रुपये देकर शराब खरीदी। लेकिन, इस दौरान उसकी जेब से नोटों की गड्डी बाहर गिर गई। इतने रुपये देखकर आसपास खड़े लोगों की शक हुआ और उन्होंने पुलिस सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया और करीब पौने चार लाख का चोरी का माल बरामद किया।
जानकारी के अनुसार खंडवा जिले के पिपलोद थाना अंतर्गत ग्राम सराय के रहने वाले फरियादी संतोष दुबे ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वे अपनी पत्नी का इलाज कराने पुणे गए थे। इस दौरान उनके सूने मकान से 3 लाख 75 हजार रुपये की चोरी हो गई। जिसमें दस हजार रुपये नगद और जेवरात शामिल हैं। पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर आरोपी की तालाश शुरू की। इस बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गांव का राजू नाम का एक युवक शराब दुकान पर पहुंचा था, इस दौरान उसके पास नोटों की गड्डी देखने को मिली है। पुलिस ने बारीकी से जांच की और आरोपी को पकड़कर सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
खंडवा पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि आरोपी राजू पुणे गए खेत मालिक के सूने घर में गेहूं चोरी करने की नियत से घुसा था। गेहूं चोरी करते समय उसे गेहूं की पेटी में रखे सोने चांदी के जेवरात सहित नगद रुपये मिल गए। जिसके बाद वह 3 लाख 75 हजार का सामान और रुपये लेकर फरार हो गया। शराब का आदि होने के चलते वह शराब दुकान पर गया और वहां जेब से पैसे निकाल कर देते समय, उसके जेब में रखी नोटों की गड्डी बाहर गिर गई, जिससे आसपास के लोगों को उस पर शक हुआ। क्योंकि, आरोपी के पास अक्सर पैसे नही होते थे, अचानक उसके पास नोटों की गड्डी कैसे आ गई? इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद आरोपी राजू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इस दौरान उसने अपना जुर्म कबूल किया, उसके साथ माल भी बरामद किया गया।