मध्यप्रदेश में खंडवा जिले के इंदौर-इच्छापुर सड़क मार्ग पर स्थित मोरटक्का क्षेत्र का एक वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। कुछ महिलाएं साड़ी का पर्दा बनाकर नर्मदा के घाट किनारे एक महिला की खुले में डिलीवरी करवा रही हैं। वहीं, इसी वीडियो में यह भी साफ देखा जा सकता है कि स्वास्थ्य विभाग की एक नर्स मौके पर मौजूद होने के बावजूद वह केवल खुद को धूप से बचाते हुए एक जगह बैठकर तमाशबीन बनी हुई है। हालांकि, जिम्मेदार अधिकारी इसे गलत बताते हुए मामले में पूछताछ करने की बात कह रहे हैं।
दरअसल, यह पूरा मामला मोरटक्का में नर्मदा नदी किनारे स्थित खेड़ीघाट से जुड़ा है। जहां रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। इसी के चलते यहां फूल और पूजन सामग्री बेचने वालों ने भी अपनी दुकानें लगा रखी हैं। बताया जा रहा है कि यहां एक गर्भवती महिला भी अपने पति के साथ घाट पर ही पूजा सामग्री बेचने के काम करती थी। इस महिला का पति जब सुबह किसी काम से कहीं बाहर गया हुआ था, उसी बीच महिला को तेज प्रसव पीड़ा हुई। इसके चलते उसे वहीं एक तख्त पर लेटा दिया गया। नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र को इसकी खबर भी दी गई थी, जहां से एक नर्स भी मौके पर पहुंची। लेकिन महिला का सुरक्षित प्रसव करवाने के बजाए, वह नर्स उस प्रसूता को वहीं पर दर्द से कराहता छोड़, खुद धूप से बचते हुए एक जगह पर जाकर बैठ गई। हालांकि, इस दौरान घाट पर मौजूद अन्य महिलाओं ने एक साड़ी का पर्दा बना कर महिला का प्रसव करवाया। इस दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
प्रसव के दौरान नर्स ने नहीं की कोई मदद
इधर, स्थानीय लोगों ने भी बताया कि उनके द्वारा इस घटना की नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र को सूचना दी गई थी। उसके बाद स्वास्थ्य केंद्र से एक नर्स मौके पर भी आई। लेकिन उन्होंने महिला का प्रसव करवाने में मदद ही नहीं की। उन्होंने उस महिला को हाथ तक नहीं लगाया, जिसके बाद स्थानीय महिलाओं ने ही प्रसूता का प्रसव करवाया।
वायरल वीडियो को बताया गलत
वहीं, इस मामले में मूंदी के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. रामकृष्ण इंगला ने बताया कि हमें सूचना मिली थी की नर्मदा की खेड़ी घाट पर एक महिला को दर्द हो रहा है, जिस पर सेंटर से नर्स भी तुरंत डिलीवरी संबंधित चीजें मौके पर लेकर गयी थी। लेकिन तब तक महिला की डिलीवरी हो चुकी थी। उसके बाद असिस्टेंट ने बच्चे की नाल अलग की और उसके बाद उसे ऑटो के जरिए सेंटर में लाकर बच्चे और मां की जांच करते हुए उन्हें मेडीसिन दी और बच्चे को टीके लगाए गए। हालांकि, वायरल वीडियो को लेकर उन्होंने कहा कि वह गलत है। नर्स अपना काम करने के बाद वहां जाकर बैठी थी। लेकिन इस मामले में अभी मेरे द्वारा और भी पूछताछ की जाएगी।