भगवान शंकर की उपासना के लिए विशेष सावन माह का प्रारंभ 30 जुलाई से हो चुका है। सावन मास के पहले ही दिन गुरुवार को खंडवा जिले की धार्मिक तीर्थनगरी ओंकारेश्वर शिवभक्ति में सराबोर नजर आई । हालांकि, सुबह से ही यहां रिमझिम बारिश भी जारी है लेकिन बड़ी संख्या में पहुंच रहे भक्तों को इस रिमझिम बारिश की फुहार में भी आनंद आ रहा था।
बारिश की बूंदों के बीच सुबह से ही बाबा ओंकारेश्वर एवं ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी लंबी कतारें लग चुकी थीं। ऐसा लग रहा था मानो हर कोई सावन के पहले ही दिन भोले बाबा को मना लेना चाहता हो, और उनसे अपनी मनोकामना पूरी करवाने को आतुर हो ।
यहां ज्योतिर्लिंग मंदिर परिसर और उसके आसपास करो में लगे भक्त भगवान की भक्ति में लीन होकर जयकारे लगा रहे थे जिसके चलते हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा । देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया तथा बेलपत्र, पुष्प, दूध और धतूरा अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
ये भी पढ़ें- Live Datia Election 2026 Live: दतिया में सुबह 9 बजे तक 12.94 प्रतिशत हुआ मतदान, लखनपुर में ग्रामीणों ने किया विरोध
इस रिमझिम बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। इधर मंदिर ट्रस्ट एवं प्रशासन ने दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए हुए हैं। जिससे श्रद्धालुओं को व्यवस्थित रूप से दर्शन कराए गए।अब पूरे महीने इसी तरह से श्रद्धालुओं का यहां आने और दर्शन करने का सिलसिला जारी रहेगा। विशेषकर सावन सोमवार और प्रमुख पर्वों पर श्रद्धालुओं की संख्या में और भी अधिक वृद्धि होने की संभावना है।