मध्यप्रदेश के खंडवा जिले की धार्मिक तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में मंगलवार को नर्मदा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मुख्य गोमुख घाट के पास स्थित केवलराम घाट पर लखनऊ से आए चार युवक अचानक गहरे पानी में डूबने लगे। रेस्क्यू टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि एक युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार लखनऊ निवासी संतोष (24) पुत्र केशवनाथ, अनिकेत (23) पुत्र राम सोनकर, कमल किशोर (23) पुत्र रामकुमार और शुभ उर्फ प्रखर तिवारी (24) दर्शन और नर्मदा स्नान के लिए ओंकारेश्वर पहुंचे थे। चारों दोस्त नर्मदा में स्नान के दौरान फोटो और वीडियो बनाने के लिए सुरक्षा बैरिकेड से आगे प्रतिबंधित क्षेत्र में चले गए। घाट पर तैनात सुरक्षा बल ने उन्हें कई बार चेतावनी दी, लेकिन वे आगे बढ़ते रहे। इसी दौरान चारों अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
युवकों की चीख-पुकार सुनकर घाट पर मौजूद नाविक मुकेश वर्मा और शंकर वर्मा के साथ होमगार्ड और एसडीईआरएफ के जवान नागेंद्र शर्मा व उदय सोलंकी तुरंत नदी में कूद गए। रेस्क्यू टीम ने कुछ ही मिनटों में संतोष, अनिकेत और कमल किशोर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं नाविक मुकेश वर्मा की मदद से शुभ तिवारी को भी गंभीर हालत में गहरे पानी से बाहर निकाला गया।
पढे़ं: विधायक के बयान पर भड़कीं महिला MLA, मंच पर ही दे दिया जवाब
घाट पर ही शुभ तिवारी को सीपीआर दिया गया। इसके बाद एंबुलेंस से उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के साथियों और परिजनों में मातम छा गया।
जिला कमांडेंट होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ खंडवा आशीष कुशवाहा ने कहा कि नर्मदा किनारे हर घाट सुरक्षित नहीं है। श्रद्धालु केवल निर्धारित घाटों पर ही स्नान करें और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करें। गहरे पानी में जाने से बचें। सेल्फी और रील बनाने के चक्कर में अपनी जान जोखिम में न डालें।
स्थानीय प्रशासन ने भी घाटों पर माइक से लगातार अनाउंसमेंट कराने और अतिरिक्त जवान तैनात करने के निर्देश दिए हैं। सावन और त्योहारों के चलते ओंकारेश्वर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ी हुई है। ऐसे में हादसे के बाद घाटों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं।