खंडवा जिले के खालवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे ग्रामीणों से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा जिले के सुंदरदेव और आदाखेड़ा जंगल क्षेत्र के बीच हुआ। दुर्घटना के बाद ट्रक में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक MP 09 KD 2295 बुरहानपुर जिले के खकनार क्षेत्र के एक गांव से खालवा के समीप स्थित चुनाखाल गांव जा रहा था। ट्रक में महिलाओं, बच्चों और पुरुषों सहित करीब 100 से 150 लोग सवार थे, जो एक पारिवारिक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
हादसे के बाद लगभग 30 लोगों के घायल होने की सूचना जिला मुख्यालय तक पहुंची। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को ट्रक से बाहर निकाला गया। मौके पर आधा दर्जन एंबुलेंस और डायल-112 के कई वाहन भी पहुंचाए गए। तहसीलदार विनोद कुमार यादव ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की।
ये भी पढ़ें- Indore: एक ही थाना क्षेत्र में डबल मर्डर से सनसनी, चाकूबाजी की दो घटनाओं में गई दो जान; सुरक्षा पर उठे सवाल
घायलों को खालवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया। देर शाम तक अस्पतालों में घायलों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है, हालांकि, कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ट्रक के पलटने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।