मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के पचोर कस्बे में सोमवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। बीच बाजार स्थित मैसर्स चुन्नीलाल मुन्नीलाल एंड संस भारत पेट्रोलियम पंप पर अचानक भीषण आग लग गई। पेट्रोल भरवाने आई एक बाइक में स्पार्किंग होने के बाद आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरे पेट्रोल पंप परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 12 लोग झुलस गए, जबकि 15 मोटरसाइकिलें जलकर राख हो गईं।
पेट्रोल भराते समय लगी आग
घटना रात करीब साढ़े आठ बजे की बताई जा रही है। उस समय पेट्रोल पंप पर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी। इसी दौरान एक बाइक में पेट्रोल भरते समय अचानक चिंगारी निकली और बाइक आग का गोला बन गई। घबराया बाइक सवार जलती बाइक को वहीं छोड़कर भाग निकला। कुछ ही सेकंड में आग ने डिस्पेंसिंग यूनिट और पास खड़े डीजल टैंकर को भी अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
15 बाइक जलकर खाक, 12 लोग झुलसे
आग इतनी तेजी से फैली कि पेट्रोल पंप पर खड़ी 15 मोटरसाइकिलें जलकर पूरी तरह राख हो गईं। हादसे में 12 लोग झुलस गए, जिनमें ग्राहक और पेट्रोल पंप कर्मचारी शामिल हैं। गंभीर रूप से झुलसे एक व्यक्ति को इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है। वहीं 7 घायलों को शाजापुर जिला अस्पताल भेजा गया। एक पेट्रोल पंप कर्मचारी की हालत भी चिंताजनक बताई जा रही है। बाकी घायलों का इलाज पचोर सिविल अस्पताल में जारी है।
कई जिलों से पहुंचीं दमकल की गाड़ियां
घटना की सूचना मिलते ही पचोर थाना पुलिस, एसडीएम और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। आग बुझाने के लिए राजगढ़, ब्यावरा, शाजापुर और सारंगपुर से फायर ब्रिगेड की आधा दर्जन गाड़ियां बुलाई गईं। दमकल कर्मियों ने बड़ी मशक्कत और जोखिम उठाकर डीजल टैंकर को ठंडा रखा और देर रात आग पर काबू पाया। अधिकारियों के मुताबिक अगर समय रहते आग नहीं बुझती तो घनी आबादी के बीच बड़ा विस्फोट हो सकता था।
ये भी पढ़ें-
बिल्डर के घर में बमबाजी, लगातार दो बम फेंके फिर कार पर किया जमकर पथराव, इस बात से थे नाराज
कलेक्टर ने दी जानकारी
राजगढ़ कलेक्टर गिरीश मिश्रा ने बताया कि रात करीब साढ़े आठ बजे पेट्रोल भरवाने आई बाइक में स्पार्किंग से आग लगी। इसके बाद आग ने तुरंत पंप और पास खड़े टैंकर को अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने बताया कि कुल 12 लोग झुलसे हैं। इनमें एक व्यक्ति को गंभीर हालत में इंदौर रेफर किया गया है। बाकी 11 लोग 2 से 15 प्रतिशत तक झुलसे हैं और उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। फायर ब्रिगेड की मदद से रात में ही आग पर काबू पा लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताई आंखों देखी
प्रत्यक्षदर्शी दुकानदार रमेश कुशवाह ने बताया कि बाइक में आग लगते ही पंपकर्मी ने फायर एक्सटिंग्विशर से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि आग पर काबू नहीं पाया जा सका। उन्होंने कहा कि लोग समय रहते वहां से भाग गए, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। भारत पेट्रोलियम के सुरक्षा अधिकारियों और फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। फिलहाल पेट्रोल पंप को सील कर दिया गया है।