सीहोर जिले में इंदौर-भोपाल रोड पर जताखेड़ा के पास स्थित दीपक फास्टनर अनब्रेको नट-बोल्ट फैक्ट्री में शनिवार दोपहर अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग देखते ही देखते भीषण रूप ले ली। इससे फैक्ट्री में कार्यरत कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारी फैक्ट्री से निकलकर बाहर भागे। फैक्ट्री से उठता धुंआ और लपटें कई किमी दूर तक नजर आ रही थी।
जानकारी के अनुसार, दीपक फास्टनर अनब्रेको नट-बोल्ट फैक्ट्री में शनिवार को दोपहर करीब एक बजे स्क्रैप यार्ड से धुआं उठता हुआ कर्मचारियों ने देखा था। कर्मचारियों ने इसकी जानकारी प्रबंधन को दी। बताया जाता है कि स्क्रैप यार्ड में जले हुए आयल के ड्रम भी रखे हुए थे। इसके चलते देखते ही देखते आग ने कुछ ही समय में भीषण रूप ले लिया। दोपहर एक बजे के करीब कारखाने से आग की लपटें और धुआं काफी दूर तक नजर आने लगा था। इससे खतरा काफी बढ़ रहा था।
फैक्ट्री में मची अफरा-तफरी
फैक्ट्री से इस तरह से आग की लपटें निकलने और धुआं निकलने से फैक्ट्री कर्मचारियों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। फैक्ट्री में करीब 1800 कर्मचारी कार्यरत हैं। फैक्ट्री में आग लगने की सूचना लगते ही कर्मचारी जान बचाकर फैक्ट्री से निकलकर बाहर की ओर भागे। इसके साथ ही फैक्ट्री के दमकम विभाग को भी आग बुझाने के लिए एक्टिव किया गया। साथ ही सीहोर, भोपाल फायर बिग्रेड को भी आग बुझाने के लिए सूचना दी गई। बताया जाता है कि नट-बोल्ट फैक्ट्री में आग बुझाने के छह सिलेंडर थे, जिससे आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका। जले हुए आयल में आग लगने के कारण तेजी से भड़कती जा रही थी।
सीहोर, इछावर, कोठरी और भोपाल से पहुंची फायर बिग्रेड
फैक्ट्री में लगी भीषण आग की सूचना पर सीहोर से तीन फायर बिग्रेड, इछावर, कोठरी की भी फायर बिग्रेड मौके पर पहुंची। इसके अलावा आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी ग्रामीण टैंकर लेकर फैक्ट्री पहुंचे। बताया जाता है कि जले हुए आयल में आग लगने के कारण पानी डालने पर भी आग पर काबू नहीं पाया जा रहा था। आग लगने के करीब डेढ़ घंटे बीतने के बाद भी आग उग्र होती जा रही थी। इसके बाद भोपाल से फोम वाली फायर बिग्रेड पहुंची, जिसके पहुंचने पर करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। इस तरह करीब दो घंटे के अथक प्रयासों के बाद आग पर काबू पा लिया।
आग लगने का कारण अज्ञात
नट बोल्ट फैक्ट्री के पास किसानों के गेहूं के खेत हैं, जिनमें अनेक किसानों की गेहूं की फसल कटी हुई रखी हुई थी। आग भड़क जाती और आसपास के क्षेत्रों में पहुंच जाती तो बड़े नुकसान से इंकार नहीं किया जा सकता था। अनब्रेको कंपनी के मीडिया प्रभारी विनीत दुबे ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं लगा है। आग फैक्ट्री के स्क्रैप यार्ड में लगी थी। भोपाल से फोम वाली फायर बिग्रेड आने पर जले हुए आयल पर फायर बिग्रेड ने आग पर काबू पा लिया गया।