शाजापुर जिले में होम लोन और उधारी के नाम पर एक व्यक्ति ने 15-20 लोगों के साथ ठगी की वारदात को अंजाम दिया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री जनसुनवाई कार्यक्रम में पहुंचे पीड़ितों ने कलेक्टर को शिकायती आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ितों ने बताया कि होम लोन और रुपये उधार देने के नाम पर उनके साथ धोखाधड़ी की गई है। वे कई दिनों से कार्रवाई के लिए यहां-वहां भटक रहे हैं। पीड़ितों का कहना है कि हेमंत योगी उर्फ तुफान नाथ नामक व्यक्ति लोगों को होम लोन दिलाने और उधारी के रूप में रुपये लेकर चेक देकर ठगी करता है। उसने इस तरह से 15-20 लोगों को शिकार बनाकर 40 लाख रुपये से अधिक की ठगी की है और अब फरार हो गया है। जनसुनवाई में चार लोगों ने अलग-अलग आवेदन देकर अधिकारियों को अपनी पीड़ा सुनाई।
ये भी पढ़ें:
एमपी बोर्ड 10वीं-12वीं के नतीजों का इंतजार! अमर उजाला पर सबसे पहले देख सकेंगे अपना परिणाम
पीड़ित आनंद कुण्डला ने बताया कि आरोपी ने उससे 50 हजार रुपये लिए गए थे। अब वह रुपये वापस मांगता है, तो आरोपी उसे धमकी देता है। दूसरे शिकायतकर्ता पंकज वात्रे ने बताया कि उसके साथ चार लाख रुपये की ठगी हुई है। आरोपी ने उससे चार लाख रुपये उधारी के रूप में लिए और चेक दिया, लेकिन रुपये लेने के कुछ दिन बाद ही हेमंत गायब हो गया। पीड़ितों का यह भी कहना है कि हेमंत पर उज्जैन के नागझिरी क्षेत्र में भी इसी तरह की वारदात करने के आरोप लगे हैं। वह अब तक कई लोगों के साथ धोखाधड़ी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है।
ये भी पढ़ें:
मिशन अस्पताल प्रबंधन समिति के नौ सदस्यों पर FIR, अवैध रूप से चल रही थी कैथ लैब, आरोपी डॉ से पूछताछ जारी
ऑफिस खोलकर करता है धोखा
पीड़ितों का कहना है कि होम लोन और उधारी के नाम पर रुपये लेकर धोखाधड़ी करने वाला हेमंत बाकायदा ऑफिस खोलकर लोगों को झांसा देता है। उसने शाजापुर में पांच जगहों पर और मक्सी, सारंगपुर, झाड़ला में भी कार्यालय खोले थे। वह सरपंच और सचिव की फर्जी सील और हस्ताक्षर का भी इस्तेमाल करता था। हेमंत पहले भी फर्जीवाड़े के एक मामले में 21 दिन जेल में रह चुका है। मामले में अधिकारियों ने जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।