प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत योजना के तहत शाजापुर रेलवे स्टेशन का वर्चुअल लोकार्पण राजस्थान के बीकानेर से किया। रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, विधायक अरुण भीमावद, रेलवे के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और आमजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी और विधायक अरुण भीमावद ने कहा कि अमृत भारत योजना के तहत रेलवे स्टेशन पर जो सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, वे यात्रियों के लिए काफी लाभकारी होंगी और यात्रा को सुखद बनाएंगी। इस योजना के तहत देशभर में करीब 1300 स्टेशनों का विकास होना है।
ये भी पढ़ें:
महिला की ब्लैकमेलिंग से तंग आकर हेड कॉन्स्टेबल ने की आत्महत्या, मोबाइल चैट्स से खुला राज
बता दें कि भोपाल मंडल के अंतर्गत आने वाले शाजापुर रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नए स्वरूप में विकसित किया गया है। स्टेशन अब आधुनिक यात्री सुविधाओं, स्थानीय सांस्कृतिक पहचान और भव्य संरचनाओं के साथ अपनी नई पहचान के लिए तैयार है। योजना के तहत भारतीय रेलवे ने 1300 से अधिक स्टेशनों के पुनर्विकास का महत्त्वाकांक्षी कार्य प्रारंभ किया है, जिनमें से आज 103 का लोकार्पण किया गया है। इन्हीं में शाजापुर भी शामिल है।
इस योजना के तहत शाजापुर रेलवे स्टेशन को 13 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक रूप में विकसित किया गया है। यहां प्लेटफॉर्मों का उच्चीकरण, विस्तृत छायादार क्षेत्र, नया फुट ओवर ब्रिज, सौंदर्यीकृत सर्कुलेटिंग एरिया, आकर्षक प्रवेश द्वार और सुव्यवस्थित प्रतीक्षालय यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बनाए गए हैं।
ये भी पढ़ें:
शूटिंग कोच मोहसिन खान गिरफ्तार, छात्राओं का शोषण करता था, अश्लील वीडियो मिले
स्टेशन के फसाद को सांस्कृतिक रूप प्रदान किया गया है, जिसमें शाजापुर की स्थानीय परंपराओं की झलक स्पष्ट है। साथ ही पुरुष व महिला शौचालयों के अतिरिक्त दिव्यांगजन के लिए विशेष सुविधाएं, द्वितीय श्रेणी वेटिंग हॉल, वीआईपी प्रतीक्षालय और पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था भी की गई है।
140 वर्ग मीटर में फैला 'आर्ट एंड कल्चर जोन' विशेष रूप से यात्रियों का ध्यान आकर्षित कर रहा है, जो शाजापुर की सांस्कृतिक विविधता को सजीव रूप में दर्शाता है। यह स्टेशन अब जिले की सामाजिक और आर्थिक पहचान को एक नया आयाम देने के लिए तैयार है। इन सुविधाओं के विस्तार से यात्रियों को लाभ मिलेगा।