सीधी जिले के कमर्जी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पटपरा में सोमवार दोपहर कानून-व्यवस्था संभालने पहुंचे थाना प्रभारी पर ही धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया गया। सड़क जाम हटाने के दौरान हुए इस हमले में थाना प्रभारी इंद्राज सिंह के सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें डायल-112 की मदद से तत्काल जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया गया। घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम पटपरा में शासकीय रास्ते को लेकर लंबे समय से दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। एक पक्ष का आरोप है कि कुछ लोगों ने सरकारी मार्ग पर अतिक्रमण कर रखा है। इस संबंध में कई बार तहसील कार्यालय में आवेदन दिए गए, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से नाराज लोगों ने सोमवार दोपहर करीब 12 बजे सड़क जाम कर दिया।
ये भी पढ़ें- भांजा दामाद संग रह रही महिला का खून से लथपथ शव मिला, पति ने लगाया हत्या का आरोप; सुसाइड नोट में ये लिखा
सड़क जाम की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी इंद्राज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश देकर मार्ग खुलवाने का प्रयास किया। इसी दौरान कुछ लोगों ने अचानक थाना प्रभारी पर टांगी और हंसिए से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें भीड़ से सुरक्षित बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने इस मामले में दिनेश पटेल उर्फ गुंठी, सुनील पटेल, विनय पटेल, प्रीतम पटेल और रितेश उर्फ सिंटू पटेल को नामजद आरोपी बनाया है। आरोप है कि सड़क जाम हटाने से रोकने पर आरोपियों ने पुलिस टीम के साथ मारपीट करते हुए थाना प्रभारी पर धारदार हथियार से हमला किया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी जिला अस्पताल पहुंचे और घायल थाना प्रभारी का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से उपचार की जानकारी लेने के बाद कहा कि थाना प्रभारी पर हमला बेहद गंभीर मामला है। पांच थानों का पुलिस बल और एसडीओपी को मौके पर भेज दिया गया है। सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

थाना प्रभारी के ऊपर जानलेवा हमला
थाना प्रभारी के ऊपर जानलेवा हमला