टीकमगढ़ जिले में पुलिस और कानून व्यवस्था का भय लगातार कमजोर होता नजर आ रहा है। शहर में आए दिन सड़क पर मारपीट, झगड़े और गुंडागर्दी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम नागरिक भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं। ताजा मामला टीकमगढ़ शहर के कृषि महाविद्यालय के सामने स्थित हाईवे का है, जहां छात्रों के दो गुटों के बीच जमकर संघर्ष हुआ।
जानकारी के अनुसार, कृषि महाविद्यालय में छुट्टी होने के बाद बीएससी प्रथम वर्ष के छात्रों के दो गुट आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के करीब दो दर्जन से अधिक छात्र लाठी-डंडों से लैस होकर एक-दूसरे पर टूट पड़े। कॉलेज के मुख्य गेट के बाहर करीब 5 से 10 मिनट तक छात्र खुलेआम लात-घूंसे और डंडे चलाते रहे। हाईवे पर इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, लेकिन मौके पर कोई पुलिसकर्मी नजर नहीं आया।
घटना की सूचना मिलने पर जब कॉलेज प्रबंधन के कुछ लोग बाहर पहुंचे, तो लड़ रहे छात्र मौके से फरार हो गए। इस पूरी मारपीट की घटना का वीडियो किसी राहगीर ने चोरी-छिपे बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में छात्रों के बीच चल रहे लाठी-डंडों की आवाजें साफ सुनाई दे रही हैं, जो घटना की गंभीरता को बयां करती हैं।
ये भी पढ़ें- Tikamgarh News: राशन न मिलने से बिफरा व्यक्ति, कलेक्ट्रेट गेट पर आत्महत्या का किया प्रयास; क्यों आई यह स्थिति?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस हिंसक झड़प में कुछ छात्रों को चोटें भी आई हैं, लेकिन न तो घायल छात्र इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचे और न ही किसी ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। हैरानी की बात यह है कि कॉलेज प्रबंधन भी इस पूरे मामले पर चुप्पी साधे हुए है। वहीं, जब इस घटना को लेकर पुलिस से सवाल किया गया, तो पुलिस का कहना था कि उन्हें इस घटना की कोई जानकारी नहीं है। इस जवाब ने पुलिस की सक्रियता और शहर की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।