विश्व प्रसिद्ध उज्जैन महाकालेश्वर मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। यहां हर रोज आम दर्शनार्थियों के साथ-साथ नेता, अभिनेता, अभिनेत्री, क्रिकेटर और कई नामचीन हस्तियां भी पहुंचती हैं। रविवार को आईपीएल के सितारे यश ठाकुर बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन आए।
महाकालेश्वर मंदिर के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने बताया कि भारतीय क्रिकेटर यश ठाकुर रविवार को बाबा महाकाल के दर्शन करने धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंचे। उन्होंने चांदी द्वार से बाबा महाकाल का पूजन किया और नंदी हॉल में बैठकर ध्यान लगाया। यश ठाकुर बाबा महाकाल के अनन्य भक्त हैं, जो अवसर दर्शन के लिए उज्जैन आते हैं। आज भी वे बाबा महाकाल का जलाभिषेक करने पहुंचे थे। बाबा के दर्शन के बाद उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं की जमकर सराहना की।
ये भी पढ़ें:
फर्जी फैकल्टी दिखाने वाले कॉलेज की रद्द होगी मान्यता, पूर्व सीएम बोले- नर्सिंग के बाद एक और घोटाला
पंजाब किंग्स ने 1.6 करोड़ में खरीदा था
यश ठाकुर एक भारतीय क्रिकेटर हैं, जो घरेलू क्रिकेट में विदर्भ के लिए खेलते हैं। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में वे लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के लिए भी खेल चुके हैं। वे दाएं हाथ के तेज-मध्यम गति के गेंदबाज हैं। आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी में पंजाब किंग्स ने उन्हें 1.6 करोड़ रुपये में खरीदा था। उन्होंने 2016-17 विजय हजारे ट्रॉफी में विदर्भ के लिए लिस्ट ए क्रिकेट में पदार्पण किया, फिर 2018-19 रणजी ट्रॉफी से प्रथम श्रेणी क्रिकेट की शुरुआत की और 2018-19 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में टी20 पदार्पण किया। साल 2023 में लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन्हें टीम में शामिल किया। उन्होंने आईपीएल 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ डेब्यू किया था। वहीं, 2024 के सीजन में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ 5 विकेट लेकर पहली बार आईपीएल मैच में पांच विकेट लिए थे। यश ठाकुर भारतीय तेज गेंदबाज उमेश यादव को अपना आदर्श मानते हैं।