नई दिल्ली के कैबिनेट मंत्री आशीष सूद ने आज उज्जैन प्रवास के दौरान श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर सपत्नीक श्री महाकालेश्वर भगवान के दर्शन- पूजन किया। इस दौरान आप बाबा महाकाल की भक्ति में लीन नजर आए। नंदी हॉल में बैठकर ॐ नमः शिवाय का जाप किया और नंदी जी के कानों में मनोकामना भी कही।
श्री महाकालेश्वर प्रबंध समिति के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि नई दिल्ली के कैबिनेट मंत्री आशीष सूद अपनी धर्मपत्नी अनुपम सूद के साथ आज बाबा महाकाल के दर्शन करने उज्जैन आए थे। यहां उन्होंने चांदी द्वार से बाबा महाकाल का पूजन किया। इस दौरान मंदिर के राजेश पुजारी द्वारा पूजन सम्पन्न करवाया गया। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सत्कार अधिकारी अभिषेक शर्मा द्वारा उनका स्वागत व सम्मान किया गया। बाबा महाकाल के दर्शन करने के बाद कैबिनेट मंत्री आशीष सूद ने मीडिया को बताया कि बाबा महाकाल के दर्शन कर अद्भुत अनुभूति होती है, जो शरीर को झकझोर देती है मैं वर्षों से बाबा महाकाल के दर्शन करने आ रहा हूं। यहां दर्शन करने के बाद मन और अंतरात्मा खिल उठती है प्रभु दर्शन देते रहे उनका आशीर्वाद बना रहे बस यही कामना है। मंदिर की व्यवस्थाएं बेहतर से और भी बेहतर होती जा रही हैं, जिसके लिए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को धन्यवाद। मैं पूरे देश और दिल्ली वासियों के लिए उत्तम जीवन की कामना करता हूं।
जानिए कौन है आशीष सूद?
दिल्ली यूनिवर्सिटी के आत्माराम सनातन धर्म कॉलेज से राजनीतिक करियर की शुरुआत करने वाले आशीष सूद कॉलेज के दिनों से ही पॉलिटिक्स में काफी एक्टिव थे। कॉलेज के समय से ही उन्होंने एबीवीपी जॉइन कर ली थी। एबीवीपी में रहते हुए ही उन्होंने कई पदों पर काम किया और अपनी अलग इमेज बनाई। वह दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। यही नहीं उन्होंने भ्रष्टाचार को लेकर आंदोलन भी किया।
RSS में भी अच्छी पकड़
आशीष सूद को पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का करीबी माना जाता है। इसी के साथ-साथ उनकी पकड़ आरएसएस में भी अच्छी खासी है। वह भारतीय जनता युवा मोर्चा से लेकर प्रदेश ईकाई में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया।
पार्टी में कई पदों की संभाली जिम्मेदारी
आशीष सूद को 2003 में दिल्ली भारतीय जनता युवा मोर्चा का जनरल सेक्रेटरी बनाया गया। इसके बाद साल 2005 में उन्हें भारतीय जनता युवा मोर्चा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए। साल 2008 में भाजपा के सेक्रेटरी के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई। साल 2009 में उन्हें भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई का महासचिव बनाया गया। साल 2012 में वह दक्षिणी दिल्ली से पार्षद चुने गए। साल 2013 में दिल्ली भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभाली। 2014 में एक बार फिर दिल्ली भाजपा के महासचिव बने। 2014 में उन्हें दक्षिणी दिल्ली म्युनिसिपल कारपोरेशन मैं एजुकेशन कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया। साल 2016 में एक बार फिर वह पार्षद चुने गए।