मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को बड़वानी जिले की सेंधवा कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। यहां सीएम यादव ने 1402.74 करोड़ रुपये की सेंधवा माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना के साथ ही 1088.24 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली निवाली माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का भूमि-पूजन किया। उसके बाद मुख्यमंत्री ने दोनों परियोजनाओं का नामकरण करते हुए सेंधवा माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना को निमाड़ के गांधी कहलाने वाले रामचंद्र विट्ठल के नाम पर और निवाली माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का नाम टंटया मामा के नाम पर करने की घोषणा की। मंच से मुख्यमंत्री ने जनजातीय भाई-बहनों को भगोरिया पर्व की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हर खेत को पानी और हर हाथ को रोजगार दिलाना हमारा संकल्प है, जिस प्रकार पारस के स्पर्श से लोहा सोना हो जाता है, उसी प्रकार धरती को पानी मिले तो वह सोना उगलती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं के माध्यम से हम इस संकल्प को पूरा करेंगे। हम हर गांव तक और हर खेत तक पानी पहुंचाएंगे। यह पानी अगर 60-70 वर्ष पहले खेतों को मिल जाता तो आज देश की दशा ही बदल जाती। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मां नर्मदा मध्यप्रदेश की जीवनदायिनी है और निमाड़ के लोगों को मां नर्मदा का आंचल मिला है। नर्मदा घाटी की इंदिरा सागर परियोजना और लोअर गोई परियोजना की नहरों से बड़वानी जिले में सूक्ष्म सिंचाई पहले से हो रही है। अब सेंधवा और निवाली माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना से जिले के सुदूर क्षेत्रों में किसानों को अपने खेतों तक मां नर्मदा का जल सिंचाई के लिए पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हो सकेगा।
वन ग्रामों को किया जाएगा राजस्व ग्रामों में परिवर्तित
सेंधवा पहुंचे सीएम यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि टंट्या मामा, भीमा नायक जैसे जनजातीय नायकों ने देश के स्वाभिमान के लिए अंग्रेजों से संघर्ष किया है। उनके नाम से अंग्रेज थर्राते थे। रेल उन्हें प्रणाम करके आगे बढ़ती थी। हम उनके बलिदान को याद करते हैं, और उन्हें नमन करते हैं। हमारी सरकार ने कार्यभार ग्रहण करने के तीन महीने के अंदर ही खरगोन में टंट्या मामा भील के नाम पर विश्वविद्यालय बनाया। जनजाति भाइयों के कल्याण के लिए टंट्या मामा योजना भी चलाई गई है। वहीं, सीएम ने जनजाति क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वन ग्रामों को राजस्व ग्रामों में परिवर्तित करने की घोषणा भी की और इसके साथ ही निवाली में विद्युत उपकेंद्र प्रारंभ करने और कई नवीन मार्गों के निर्माण की घोषणा भी की।
मिलेगा पक्का मकान, की जाएंगी भर्तियां
सीएम यादव ने इसे बदलाव का दौर बताते हुए कहा कि हम हर व्यक्ति के जीवन में बदलाव लाएंगे। प्रदेश में जनकल्याण अभियान चलाया जा रहा है और शासन की अनेकों योजनाओं का जनता को लाभ दिया जा रहा है। गरीब, महिला, युवा और किसान कल्याण उनकी प्राथमिकता है। सरकार हर व्यक्ति को पक्का मकान दिलाने के लिए भी संकल्पित है और इसमें जो व्यक्ति छूट गए हैं, उनका दोबारा सर्वेक्षण कराया जाएगा। प्रदेश में बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर सृजित किए जा रहे हैं। एक ओर जहां हर खेत में पानी आ जाने से किसान वर्ष भर फसले ले पाएंगे और उनका पलायन रुकेगा तो वहीं दूसरी ओर बड़ी संख्या में सरकारी और निजी क्षेत्र में भर्तियां की जाएंगी।
शुरू होगा युवा शक्ति मिशन
प्रदेश के मुखिया डॉ. यादव ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के जन्म दिवस, युवा दिवस से हम प्रदेश में युवा शक्ति मिशन शुरू कर रहे हैं। इसके अंतर्गत युवाओं के कल्याण, विशेष रूप से उन्हें रोजगार दिलाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। रविवार को लाड़ली बहनों की राशि उनके खातों में अंतरित की जाएगी। इसके साथ ही सीएम ने कार्यक्रम के दौरान ही कई योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी बांटे और उनसे बात कर योजनाओं के लाभ और उससे उनके जीवन में आये बदलाव के बारे में जाना, जिसके साथ ही सीएम ने कार्यक्रम में 58.463 करोड़ की लागत के 19 विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया।