अजमेर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित नया बाजार चौपड़ पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी। हादसे में दरगाह थाना क्षेत्र की त्रिपोलिया गेट चौकी पर तैनात एएसआई राजेंद्र प्रसाद (50) और हेड कॉन्स्टेबल प्रदीप (40) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार कार पुलिसकर्मियों की बाइक को टक्कर मारते हुए दिखाई दे रही है।
जानकारी के अनुसार, दोनों पुलिसकर्मी ड्यूटी पर जाने के लिए बाइक से निकले थे। नया बाजार चौपड़ पर सड़क पार करते समय साइड से तेज रफ्तार में आई कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों पुलिसकर्मी सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद दोनों को जेएलएन अस्पताल पहुंचाया गया। हेड कॉन्स्टेबल प्रदीप के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि एएसआई राजेंद्र प्रसाद के सिर में गंभीर चोट आई है। उनकी हालत नाजुक होने पर परिजनों की सहमति से ग्रीन कॉरिडोर बनाकर जयपुर के फोर्टिस अस्पताल रेफर किया गया। उनके साथ सीनियर नर्सिंग स्टाफ भी भेजा गया।
बच्चों को स्कूल छोड़कर लौट रहा था चालक
पुलिस के अनुसार, हादसे में शामिल कार का मालिक गिरधारी गुर्जर है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह अपने बच्चों को स्कूल छोड़कर घर लौट रहा था। हादसे के बाद पुलिस ने कार जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया। मामले की जांच सीओ शिवम जोशी के नेतृत्व में कोतवाली थाना पुलिस कर रही है।
पढे़ं: तेज रफ्तार कैंपर ने बाइक को मारी टक्कर, दो दोस्तों की मौत; चालक दबोचा गया
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में तेज रफ्तार कार सड़क से गुजरते हुए पुलिसकर्मियों की बाइक को टक्कर मारती दिखाई दे रही है। टक्कर के बाद दोनों पुलिसकर्मी सड़क पर गिर जाते हैं।
विधानसभा अध्यक्ष पहुंचे अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के कई अधिकारी जेएलएन अस्पताल पहुंचे। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनकी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि दोनों घायलों को आईसीयू में भर्ती किया गया था। एएसआई राजेंद्र प्रसाद की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया।
पुलिस जांच में जुटी
अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि एएसआई राजेंद्र प्रसाद अपनी कार कोतवाली थाने में खड़ी करने के बाद हेड कॉन्स्टेबल प्रदीप के साथ बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे। बाइक हेड कॉन्स्टेबल प्रदीप चला रहे थे। हादसे में प्रदीप के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि एएसआई राजेंद्र प्रसाद के सिर में गंभीर चोट आई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार जब्त कर ली है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।