अजमेर शहर के गंज थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती के समाज विशेष के युवक के साथ चले जाने के मामले ने मंगलवार को तूल पकड़ लिया। घटना को लेकर परिजनों और हिंदूवादी संगठनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए लोगों ने गंज थाना परिसर के बाहर जमकर नारेबाजी करते हुए पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया।
जानकारी के अनुसार, युवती को चूरू निवासी समाज विशेष का युवक अपने साथ लेकर चला गया था। इस मामले में परिजनों द्वारा गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। थाने पर युवती के माता पिता ने युवती को समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन इसके बावजूद युवती युवक के साथ जाने पर अड़ी रही।
इसी बात से नाराज परिजन थाने के बाहर धरने पर बैठ गए और बेटी को वापस लाने की मांग करने लगे। इसी दौरान युवती के माता-पिता ने केरोसिन डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। इस घटना से वहां मौजूद भीड़ में अफरातफरी मच गई।
वहीं, दूसरी ओर विभिन्न हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भी गंज थाने के बाहर एकत्रित होकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान कुछ युवक उग्र हो गए और आसपास की दुकानों को बंद करवाने लगे। आरोप है कि इस दौरान कुछ दुकानों में तोड़फोड़ भी की गई।
इतना ही नहीं, आक्रोशित युवकों ने कचौड़ी की व शराब की दुकान को जबरन बंद करवाने का प्रयास किया। इस दौरान शराब और बीयर की बोतलें सड़क पर फेंक दी गईं, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
पढ़ें- Jodhpur News: राजस्थान HC के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश का औचक निरीक्षण, आठ जज APO; बम धमकी के बीच यह कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों और परिजनों से समझाइश कर शांति बनाए रखने की अपील की, गंज थानाधिकारी महावीर सिंह राठौड़ ने बताया कि 2 फरवरी को परिवार की 18 साल की युवती लापता हो गई। मामले में परिवार ने गंज थाने में 3 फरवरी को गुमशुदगी दर्ज करवाई थी।
वहीं, 18 साल की युवती अपने लिव इन पार्टनर के साथ सोमवार को चूरू एसपी के सामने पेश हुई थी, जिसकी सूचना अजमेर पुलिस को प्राप्त हुई। गंज थाना पुलिस युवती को उसके पार्टनर सहित मंगलवार को अजमेर लेकर पहुंची थी। बेटी के थाने पर पहुंचने की सूचना मिलते ही परिजन गंज थाने पहुंच गए और बेटी को अपने साथ ले जाने की मांग पर अड़ गए और हंगामा करने लगे।