अजमेर जिले के पीसांगन थाना क्षेत्र में ब्यावर रोड पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चलती कार के सामने अचानक नीलगाय आ जाने से चालक संतुलन खो बैठा और कार पलट गई। इस हादसे में कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अजमेर रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, पीसांगन निवासी 20 वर्षीय लेखराज गुर्जर और 19 वर्षीय ओमप्रकाश कुमावत कार से कहीं जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार नाड और नागेलाव के बीच पहुंची, तभी अचानक सड़क पर नीलगाय आ गई। नीलगाय को बचाने के प्रयास में चालक ने कार को मोड़ा, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।
हादसे की सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल महेश कुमार मीणा, बिट कांस्टेबल सुखाराम माली, धर्मासिंह रावत तथा पायलट जुबैर देशवाली मौके पर पहुंचे। पुलिस और पायलट टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से पीसांगन अस्पताल पहुंचाया।
पढ़ें- अजमेर दरगाह केस: सुप्रीम कोर्ट में हस्ताक्षर याचिका वापस, जिला अदालत में जारी रहेगी सुनवाई; हिंदू सेना का बयान
पीसांगन अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों युवकों को प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन चोटें गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीसांगन थानाधिकारी सरोज चौधरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण सड़क पर अचानक नीलगाय का आ जाना है। मामले की जांच की जा रही है।
वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ब्यावर रोड सहित ग्रामीण इलाकों में आवारा और वन्य पशुओं की आवाजाही रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।