राज्य के कृषि एवं आपदा राहत मंत्री डॉ. किरोडीलाल मीणा ने रविवार को अचानक बूंदी सर्किट हाउस पहुंचे और शिक्षक मनीष मीणा हत्याकाण्ड के मामले में पुलिस जांच पर सवाल उठाये।उन्होंने खुद ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को जहां पर हत्या हुई थी उस ढाबे का वीडियो दिखाया और सवाल जवाब किए।
कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने सर्किट हाउस में खुद अधिकारियों को मोबाइल पर वीडियो दिखाया। उन्होंने इस बात पर भी आश्चर्य जताया कि ऐसा क्या मामला था कि जब मनीष ढाबे से बहुत दूर भागकर फूल वालों की दुकान के थड़े के नीचे छिप जाता है वहां जाकर भी उसकी हत्या कर दी जाती है। कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि उन्हें यह यह सुपारी किलिंग का मामला लग रहा है। उन्होंने मामले में आगे की कार्रवाई के लिये मीणा समाज के संरक्षक आनंदीलाल मीणा को जयपुर आने के लिये कहा। इस दौरान एडीएम सुदर्शन तोमर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा, बूंदी पुलिस उपाधीक्षक अरुण कुमार उपस्थित रहे। डॉ. किरोड़ीलाल मीणा को पीड़ा बताते हुये मनीष मीणा के पिता रामलक्ष्मण मीणा की आंखें भर आईं। उन्होंने रोते हुये कृषि मंत्री को अपना दर्द बताया।
पाँच लाख रुपये की सहायता राशि सौंपी
किरोड़ीलाल मीणा ने रविवार को सर्किट हाउस में शिक्षक मनीष मीणा के पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदना जताई। इस दौरान वे आमरण अनशन पर बैठने वाले आंदोलनकारियों से भी वार्ता की। कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने पीड़ित परिवार के लिये अपनी ओर से पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्व.मनीष मीणा के पिता रामलक्ष्मण मीणा को सौंपी। इस दौरान मनीष मीणा के पीड़ित परिवार को न्याय दिलवाने के लिये आमरण अनशन और आंदोलन करने वाले मीणा समाज के संरक्षक आंनदीलाल मीणा, राजस्थान बीज निगम के पूर्व निदेशक चर्मेश शर्मा, भाजपा नेता रूपेश शर्मा, पूर्व तहसीलदार रामकरण मीणा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष चेतराम मीणा, ग्रामीण छात्र संगठन के जिलाध्यक्ष लोकेश मीणा, सरपंच सुरेश मीणा, पप्पूलाल मीणा, एडवोकेट हेमराज मीणा, गिरिराज मीणा सहित मीणा समाज व सर्व समाज से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मनीष के परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया
कृषि मंत्री डॉक्टर किरोड़ीलाल मीणा ने मनीष मीणा की पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने मनीष के पिता रामलक्ष्मण मीणा से कहा कि उन्हें न्याय दिलवाने के लिये कोई कमी नहीं रखी जायेगी। कृषि मंत्री डॉ किरोड़ीलाल मीणा ने रविवार को अचानक बूंदी दौरे का कार्यक्रम बनाया और मनीष मीणा के परिवार बूंदी सर्किट हाउस में बुलवाया।