जोधपुर शहर के खांडा फलसा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिवांची गेट इलाके में लंबे समय से चल रही गुंडागर्दी, अवैध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों के आतंक के खिलाफ शनिवार शाम क्षेत्रवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में लोग हाथों में तख्तियां लेकर सड़कों पर उतर आए और जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सिवांची गेट पर जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की, जिससे करीब तीन घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि इलाके में अवैध फैक्ट्रियां, नॉनवेज दुकानों का अनियंत्रित संचालन, रात में तेज आवाज में डीजे, शराबखोरी, जुआ-सट्टा और नशे का कारोबार लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे महिलाओं और बच्चों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। कई परिवार भय के माहौल के कारण अपने घर छोड़कर अन्य स्थानों पर जाने को मजबूर हो चुके हैं। लोगों ने बताया कि असामाजिक तत्वों द्वारा आए दिन झगड़े, मारपीट और छेड़छाड़ की घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन पुलिस और प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।
प्रदर्शन की सूचना पर खांडा फलसा थाना अधिकारी सहित पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि प्रदर्शनकारी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अवैध गतिविधियों पर तुरंत रोक लगाने की मांग पर अड़े रहे। देर रात करीब 10:30 बजे स्थानीय विधायक भी मौके पर पहुंचे और क्षेत्रवासियों से संवाद किया। विधायक ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित विभागों के साथ बैठक कर शीघ्र समाधान निकाला जाएगा।
ये भी पढ़ें- Balotra News: बालोतरा के एमबीआर पीजी कॉलेज में छात्रों के बीच झड़प क्यों हुई? जानिए फीस बढ़ोतरी का पूरा मामला
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आश्वासन के बाद क्षेत्रवासियों ने शांतिपूर्वक प्रदर्शन समाप्त किया। बावजूद इसके लोगों का कहना है कि जब तक स्थायी समाधान नहीं होगा, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बहाल करने की मांग को लेकर यह प्रदर्शन प्रशासन के लिए एक बड़ी चेतावनी माना जा रहा है।