खैरथल-तिजारा क्षेत्र से एक बेहद मार्मिक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जहां शादी से ठीक एक दिन पहले एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जिस घर में कुछ घंटों बाद शहनाइयां गूंजनी थीं, वहां अचानक चीख-पुकार और मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, युवती की शादी बुधवार को होनी थी। पिछले कई दिनों से घर में शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। रिश्तेदारों और मेहमानों का आना-जाना लगा हुआ था। घर में हल्दी, मेहंदी और अन्य रस्में उत्साह के साथ निभाई जा रही थीं। मैरिज गार्डन सज चुका था और बारात के स्वागत की तैयारियां अंतिम चरण में थीं।
परिजनों के मुताबिक, मंगलवार को हल्दी की रस्म के दौरान युवती की अचानक तबीयत बिगड़ गई। पहले तो परिजनों ने घरेलू स्तर पर संभालने की कोशिश की, लेकिन हालत बिगड़ती देख उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने कुछ ही देर में उसे मृत घोषित कर दिया।
पढ़ें- Kotputli-Behror News: कर्तव्यनिष्ठ हवलदार विक्रम सिंह तंवर का निधन, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जहां कुछ ही समय बाद दुल्हन की डोली उठनी थी, वहीं उसी घर से उसकी अर्थी उठी। परिजन बेसुध हैं और पूरे इलाके में गहरा शोक व्याप्त है। शादी की खुशियों से सजा घर देखते ही देखते मातम में तब्दील हो गया।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। खैरथल थाने के हेड कांस्टेबल स्वयं प्रकाश शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया परिजनों ने किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया है। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।