खैरथल-तिजारा जिले के दांतला गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और गला दबाकर हत्या करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। खास बात यह है कि विवाहिता नौ माह की गर्भवती थी, जिससे मामला और भी संवेदनशील हो गया है।
जानकारी के अनुसार, खैरथल थाना क्षेत्र के दांतला गांव निवासी महेंद्र की शादी ललिता के साथ 30 अप्रैल 2025 को हुई थी। मृतका के पिता राजेश ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष उनकी बेटी को दहेज की मांग को लेकर लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। उन्होंने बताया कि कई बार समझाइश के बावजूद ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला।
मंगलवार, 28 अप्रैल को ललिता के पति महेंद्र ने फोन कर उसकी मौत की सूचना पीहर पक्ष को दी। सूचना मिलते ही परिजन तुरंत दांतला गांव पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि ललिता का शव कमरे में पड़ा हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही खैरथल महिला थाना पुलिस को सूचित किया गया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर खैरथल अस्पताल भिजवाया। जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। प्रारंभिक तौर पर मामला संदिग्ध प्रतीत होने के कारण पुलिस ने सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।
पढ़ें- Kotputli-Behror News: शादी से एक दिन पहले दुल्हन की संदिग्ध मौत, खुशियों का घर पलभर में मातम में बदला
मृतका के पिता राजेश ने इस मामले में पति महेंद्र, जेठ नरेंद्र, जेठानी अनीता, ननद निकिता, सास कृष्णा, मौसी सास सुनीता और देवर के खिलाफ गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए नामजद मामला दर्ज कराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही सच्चाई सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।