भिवाड़ी के यूआईटी फेज-3 थाना क्षेत्र स्थित जाना इलाके में एक 24 वर्षीय शादीशुदा युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश है। उन्होंने युवक की पत्नी सहित तीन लोगों पर सुनियोजित हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस प्रारंभिक तौर पर इसे आत्महत्या मानते हुए सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
'हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश'
परिजनों काआरोप है कि मृतक और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। उनका कहना है कि इसी विवाद के चलते युवक की हत्या की गई और बाद में मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
तीन साल पहले हुई थी मृतक की शादी
घटना की सूचना मिलते ही यूआईटी फेज-3 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। यूआईटी फेज-3 थानाधिकारी दारा सिंह ने बताया कि मृतक ने करीब तीन वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से संघर्ष या जबरन हमले के कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं। हालांकि, परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
ये भी पढ़ें: अंता उपचुनाव में हार का ठीकरा मोरपाल सुमन ने बड़े नेताओं पर फोड़ा, भाजपा ने थमाया नोटिस
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), मोबाइल फोन की जांच, फॉरेंसिक टीम की रिपोर्ट और आसपास के लोगों के बयान जुटाए जा रहे हैं। इसके साथ ही मृतक के पारिवारिक और वैवाहिक संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है, ताकि घटना से पहले की परिस्थितियों को समझा जा सके। थानाधिकारी ने कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। यदि हत्या के प्रमाण मिलते हैं तो संबंधित आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, आत्महत्या की पुष्टि होने पर उसके कारणों को भी स्पष्ट किया जाएगा।