कोटपूतली-बहरोड़ जिले में प्रभारी मंत्री एवं राज्यमंत्री राजस्व, उपनिवेशन तथा सैनिक कल्याण विभाग विजय सिंह चौधरी की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बजट घोषणाओं, फ्लैगशिप योजनाओं, ग्रीष्मकालीन व्यवस्थाओं और आमजन से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार संपर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बिजली-पानी और मूलभूत सेवाओं पर दिया गया जोर
बैठक के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बिजली, पानी, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सेवाओं को आमजन तक निर्बाध रूप से पहुंचाने के प्रयास तेज किए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि सभी बजट घोषणाओं को तय समयसीमा में, नियमानुसार और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा किया जाना चाहिए। घरेलू गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर भी सतर्कता बरतने और प्रवर्तन गतिविधियां जारी रखने के निर्देश दिए गए।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस बैठक में विधायक हंसराज पटेल, जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी, जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह, अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश सहारण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में हरियालो राजस्थान सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा की गई और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पढ़ें- भीषण गर्मी से पहले प्रशासन अलर्ट: जलदाय विभाग के अवकाश रद्द, पेयजल आपूर्ति के लिए ये है सरकार का प्लान
प्रेस वार्ता में उठे जमीनी क्रियान्वयन के मुद्दे
समीक्षा बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में मंत्री ने विभिन्न योजनाओं के तहत की गई घोषणाओं की जानकारी साझा की। इस दौरान पत्रकारों ने पूर्व में की गई घोषणाओं के धरातल पर क्रियान्वयन नहीं होने को लेकर सवाल उठाए। नवगठित जिले में अधूरे विकास कार्य, प्रशासनिक सुस्ती और मूलभूत सुविधाओं की कमी जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से सामने आए।
आमजन से जुड़ी समस्याओं पर मांगे गए जवाब
पत्रकारों ने बिजली, पानी, सड़क, सफाई, जलभराव, पार्किंग, जाम और कृषि मंडी में किसानों के लिए फसल रखरखाव की उचित व्यवस्था नहीं होने जैसे विषयों पर मंत्री से जवाब मांगा। इन मुद्दों ने जिले में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति को लेकर चिंता को उजागर किया।
सरकार ने जल्द समाधान का दिया भरोसा
प्रभारी मंत्री विजय सिंह चौधरी ने कहा कि सरकार जिले के विकास को लेकर गंभीर है और लंबित कार्यों को जल्द पूरा कराया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आमजन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। हालांकि, जमीनी स्तर पर हालात को लेकर अब भी कई सवाल बने हुए हैं और लोगों को ठोस कार्यवाही की प्रतीक्षा है।