राजस्थान में फरवरी की शुरुआत के साथ ही मौसम ने करवट ले ली है। एक के बाद एक दो वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने से प्रदेश के कई इलाकों में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी देखी जा रही है। शेखावाटी क्षेत्र के लिए भी आज बारिश और ओलों का अलर्ट जारी किया गया था, हालांकि सुबह से यहां मौसम साफ बना हुआ है।
शेखावाटी के सीकर जिले में आज न्यूनतम तापमान करीब 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली है। लेकिन मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से कभी भी मौसम में अचानक बदलाव हो सकता है। सीकर, चूरू और झुंझुनूं में बादल छाने के साथ किसी भी समय बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर फिलहाल राजस्थान में बना रहेगा। शेखावाटी में भी इसके चलते मध्यम दर्जे की बारिश के साथ ओलावृष्टि की आशंका है। बताया जा रहा है कि 3 फरवरी से इस वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर कमजोर पड़ जाएगा।
ये भी पढ़ें: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने टोंक को दिया 370 करोड़ का तोहफा, बोले- कांग्रेस के पंजे ने देश को किया गंजा
इसके बाद 3 फरवरी से प्रदेश में घने कोहरे का दौर शुरू होने की संभावना है। शेखावाटी के सीकर, चूरू और झुंझुनूं के लिए 3 फरवरी को घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर खत्म होने के बाद मौसम साफ रहेगा, लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ सर्दी एक बार फिर तेज हो सकती है।