{"_id":"6a074c827054bf1b010089fd","slug":"video-railway-post-office-bank-employees-conduct-self-enumeration-preparations-census-2027-intensify-2026-05-15","type":"video","status":"publish","title_hn":"रेलवे, डाकघर और बैंकों के कर्मचारियों ने किया स्वगणना, जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, VIDEO","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
रेलवे, डाकघर और बैंकों के कर्मचारियों ने किया स्वगणना, जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, VIDEO
भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत जिले में स्वगणना अभियान प्रारंभ हो गया है। गुरुवार को रेलवे, डाकघर तथा विभिन्न बैंकों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) कर इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई। प्रशासन ने इसे जनगणना की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए आम नागरिकों से भी बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की है।
जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने बताया कि जनगणना-2027 भारत में होने वाली आगामी राष्ट्रीय जनगणना है, जिसके माध्यम से देश के प्रत्येक व्यक्ति, परिवार और आवास से संबंधित आधिकारिक आंकड़े संकलित किए जाएंगे। यह प्रक्रिया शासन की योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के उचित वितरण और विकास कार्यों की रूपरेखा तय करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने जनगणना-2027 के सुचारू संचालन के लिए स्वगणना का प्रावधान किया है। इस प्रक्रिया के अंतर्गत परिवार स्वयं अपने विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। स्वगणना का एचएलओ (हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन) चरण 7 मई 2026 से 21 मई 2026 तक निर्धारित किया गया है। इस अवधि में सरकारी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर रहे हैं, जिससे आमजन को भी इसके प्रति जागरूक किया जा सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि स्वगणना की सुविधा से नागरिकों को अपने परिवार, सदस्यों की संख्या, आवास की स्थिति तथा अन्य आवश्यक सूचनाएं स्वयं भरने का अवसर मिलेगा। इससे जनगणना की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल और त्रुटिरहित बनेगी। साथ ही समय की भी बचत होगी और आंकड़ों की गुणवत्ता में सुधार होगा।
रेलवे, डाक विभाग और बैंकिंग संस्थानों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इस अवसर पर उत्साहपूर्वक स्वगणना करते हुए इसे राष्ट्रीय दायित्व बताया। अधिकारियों ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि देश के भविष्य की योजनाओं की मजबूत आधारशिला है। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सड़क, पेयजल और सामाजिक कल्याण जैसी योजनाओं को सही दिशा देने में मदद मिलती है।
उन्होंने विश्वास जताया कि जनपद के नागरिक इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भूमिका निभाते हुए जनगणना-2027 को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों और संस्थानों के माध्यम से लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग निर्धारित अवधि के भीतर स्वगणना कर सकें।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।