ट्रम्प की नई चाल, लिविंस्की-क्लिंटन के प्रेम संबंधों को किया उजागर
डोनाल्ड ट्रम्प ने गुरुवार को एक वीडियो जारी कर अपने राजनीतिक प्रतिद्वंदी हिलेरी क्लिंटन पर निशाना साधा। उन्होंने उनके पति बिल क्लिंटन और मोनिका लिविंस्की के प्रेम संबंधों को फिर जनता के सामने लेकर आए। डोनाल्ड ट्रम्प अमेरिका का रिपब्लिकन पार्टी से ओर राष्ट्रपति उम्मीदवार की दौड़ में शामिल हैं।
अपने राजनीतिक प्रतिद्वंदी को पछाड़ने के लिए कोई राजनेता किस हद तक जा सकता है कि इसका अंदाजा डोनाल्ड ट्रम्प के इस वीडियो से लगाया जा सकता है। 15 सेकेंड के इस वीडियो को डोनाल्ड ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया है। इस क्लिप में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन एक व्हाइट हाउस में कार्यरत एक प्रशिक्षु मोनिका लिविंस्की के साथ नजर आ रहे हैं। लिविंस्की के साथ क्लिंटन के वैवाहेत्तर संबंध थे। 1990 के दशक में इन दोनों के संबंधों की चर्चाएं मीडिया के सुर्खियों में थी। इस क्लिप में कई तस्वीरों को एक साथ साझा किया गया है।
इस क्लिप के अगले स्लाइड में बिल क्लिंटन एक मैंगजीन के मुख्य पृष्ठ पर नजर आ रहे हैं जिसमे उन्हें 'झूठा, झूठा' कहकर संबोधित किया गया है। इसके बाद की स्लाइड में पूर्व राष्ट्रपति को यह कहता हुआ दिखाया गया है कि उनके 'अनुचित' संबंध थे।
क्लिंटन-लिविंस्की के संबंधों की दिलाई याद
ट्रम्प ने जो वीडियो साझा किया है उसमें उन्होंने हिलेरी क्लिंटन पर महिलाओं पर दिए उनके एक बयान को लेकर हमला किया है। हाल ही में दिए एक बयान में हिलेरी ने कहा था 'महिलाओं का अधिकार मानावाधिकार है और मानवाधिकार महिलाओं का अधिकार। एक के लिए हो या सबके लिए।' ट्रम्प ने वीडियो के माध्यम जनता को यह बताने की कोशिश की है कि जब मोनिका लिविंस्की के साथ बिल क्लिंटन के संबंधों का खुलासा हुआ था तो उस वक्त आपने महिला अधिकारों की बात क्यों नहीं की थी।
वीडियो क्लिप में हिलेरी को एक दूसरे कांग्रेस सांसद एंथोनी वीनर के साथ खड़ा दिखाया गया है। सेक्स स्कैंडल में पकड़े जाने के बाद वीनर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। वीडियो में हिलेरी को 'महिलाओं के अधिकारों की सच्चे रक्षक' के नाम से संबोधित किया गया है। इसे हिलेरी के उस बयान के मजाक के तौर पर देखा जा रहा है जो उन्होंने हाल ही में दिया था।