Bihar: अनंत सिंह का ‘पुराना दुश्मन’ भोला सिंह सूरत से गिरफ्तार, 2014 किडनैपिंग केस में CBI की कार्रवाई
Bihar: सीबीआई ने बिहार के कुख्यात अपराधी भोला सिंह को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया, जो 2014 के कोलकाता अपहरण मामले में वांछित था और वर्षों से फर्जी पहचान के सहारे फरार चल रहा था।
विस्तार
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने सोमवार को बाढ़ अनुमंडल के पंडारक निवासी कुख्यात अपराधी भोला सिंह उर्फ गौतम कुमार उर्फ अमित शर्मा को गुजरात के सूरत में उसके छिपने के ठिकाने से गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी आरसी 1(5)/2015 मामले के तहत की गई है।
कोलकाता के दो लोगों के अपहरण से जुड़ा मामला
यह मामला उच्च न्यायालय द्वारा संदर्भित है और कोलकाता के दो निवासियों के अपहरण से संबंधित है, जो 14 जुलाई 2014 से लापता हैं। इस मामले के अलावा, आरोपी भोला सिंह बिहार पुलिस द्वारा दर्ज 11 मामलों में वांछित है, जिनमें अपहरण, हत्या का प्रयास, हत्या तथा अवैध हथियार और विस्फोटक रखने से जुड़े अपराध शामिल हैं।
फर्जी पहचान बनाकर सूरत में छिपा था आरोपी
आरोपी भोला सिंह वर्ष 2015 में जांच शुरू होने के बाद से फरार था और ‘अमित शर्मा’ नाम से फर्जी पहचान पत्रों का उपयोग करते हुए सूरत में छिपा हुआ था। सीबीआई ने उसके ठिकाने की पहचान के आधार पर सुनियोजित अभियान चलाकर उसे गिरफ्तार किया।
ट्रांजिट रिमांड के बाद कोलकाता ले जाया जाएगा
आरोपी को कोलकाता लाने के लिए ट्रांजिट रिमांड हेतु सूरत की स्थानीय अदालत में पेश किया जा रहा है। इसके बाद उसे हिरासत में पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड लेने हेतु कोलकाता की सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: बच्चों का विवाद सुलझाना शिक्षक को पड़ा भारी, नाराज पिता ने स्कूल में घुसकर सिर फोड़ा
अनंत सिंह से 15 साल तक रही अदावत
बताया जाता है कि भोला सिंह कभी मोकामा विधायक अनंत सिंह के साथ एनटीपीसी में ठेकेदारी करता था। बाद में दोनों के बीच करीब 15 वर्षों तक अदावत रही। हालांकि, विधानसभा चुनाव के दौरान भोला सिंह के भाई मुकेश सिंह और अनंत सिंह के बीच सुलह हो गई थी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
