Bihar News: प्रेम विवाद का खौफनाक अंजाम! छात्र ने फंदे से लटककर दी जान, बेटे की लाश देख परिजन बेहाल
Bihar News: भागलपुर के बरारी थाना क्षेत्र में बी-फार्मा छात्र अंकित कुमार ने अपने कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग और मानसिक तनाव को कारण माना जा रहा है। घटना के समय परिवार के सदस्य घर पर नहीं थे।
विस्तार
भागलपुर के बरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत फेरी रोड स्थित अपने कमरे में एक बी-फार्मा छात्र ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अंकित कुमार (25) के रूप में की गई है। मृतक के मामा ने बताया कि प्रेम प्रसंग के चलते उसने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के समय घर के सभी सदस्य गंगा स्नान करने गए हुए थे। जब परिजन वापस लौटे और उसे नाश्ते के लिए बुलाने कमरे में पहुंचे तो छात्र का शव पंखे से लटका मिला। आनन-फानन में उसे फंदे से उतारकर मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
भागलपुर की युवती से था प्रेम संबंध
मृतक के मामा राकेश कुमार ने बताया कि अंकित का पिछले कुछ समय से भागलपुर की ही एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। परिजनों को इस बात की जानकारी करीब 15 दिन पहले हुई थी। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी। इसी मानसिक तनाव और आपसी विवाद के कारण अंकित ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
रविवार सुबह तक सामान्य था युवक
मृतक अंकित कुमार मुंगेर जिले के लखनपुर स्थित बी. चपनी चौधरी कॉलेज से बी.फार्मा की पढ़ाई कर रहा था। वह एक होनहार छात्र था और हाल ही में कॉलेज की ओर से प्रशिक्षण के लिए मध्य प्रदेश के भोपाल गया था। भोपाल से ट्रेनिंग पूरी करने के बाद वह पटना आया, जहां उसने अपनी परीक्षाएं दीं और उसके बाद घर लौटा था। वह मंगलवार को भागलपुर पहुंचा था और रविवार सुबह तक बिल्कुल सामान्य था तथा सभी के साथ हंसी-खुशी मिलजुल कर रह रहा था। किसी को भी इस घटना का अंदाजा नहीं था।
ये भी पढ़ें: बिहार में नई सरकार को लेकर हलचल तेज: BJP ने शिवराज चौहान को बनाया पर्यवेक्षक; सभी विधायकों को पटना बुलाया
पुलिस जांच में जुटी
हालांकि, पुलिस इस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है, ताकि मौत के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके। थानाध्यक्ष बिट्टू कमल ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला प्रेम प्रसंग में आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन मृतक के मोबाइल फोन और कॉल रिकॉर्ड की जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना से पहले उसकी किससे और क्या बातचीत हुई थी। पुलिस संबंधित युवती के बारे में भी जानकारी जुटा रही है, ताकि मामले की तह तक पहुंचा जा सके।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.