Bihar News: नवगछिया में युवक की गोली मारकर हत्या, बांसबाड़ी के पास मिला शव; पल्सर बाइक और खोखा बरामद
भागलपुर के नवगछिया में राहुल राय (30) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका शव पकरा के दोनियां टोला स्थित बांसबाड़ी के पास मिला। पुलिस ने मौके से कारतूस का खोखा और एक पल्सर बाइक बरामद की है। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भागलपुर के नवगछिया थाना क्षेत्र के पकरा स्थित रामधारी सिंह उच्च विद्यालय के मैदान के पीछे दोनियां टोला के पास एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान तेतरी दक्षिणबारी टोला निवासी किसान वरुण राय के पुत्र राहुल राय (30) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही नवगछिया पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
परिजनों के अनुसार, राहुल शाम करीब छह बजे घर से निकला था। उसे तेतरी दुर्गा स्थान मंदिर के आसपास आखिरी बार देखा गया था। इसके बाद वह किसी दूसरे व्यक्ति की मोटरसाइकिल से पकरा के मैदान के पीछे दोनियां टोला स्थित बांसबाड़ी की ओर पहुंचा था। वह वहां किसके साथ गया था और किस उद्देश्य से पहुंचा था, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
प्रथमदृष्टया पुलिस को आशंका है कि राहुल को वहां बुलाकर या ले जाकर निशाना बनाया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, अपराधियों ने उसे दौड़ाकर गोली मारी। पुलिस की वैज्ञानिक और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही घटना का कारण पता चल पाएगा।
शरीर पर प्रथमदृष्टया एक गोली का निशान
नवगछिया एसपी वैभव शर्मा ने बताया कि राहुल के शरीर पर प्रथमदृष्टया एक गोली का निशान दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में गोली पीछे की ओर से प्रवेश करने की बात सामने आ रही है। हालांकि, गोली कितनी लगी और शरीर के किस हिस्से से निकली, इसकी अंतिम पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगी।
घटनास्थल से एक कारतूस का खोखा बरामद किया गया है। पुलिस ने मौके से एक पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद की है। बाइक किसकी है, इसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार, बाइक की पहचान और उसके मालिक तक पहुंचना हत्याकांड की कड़ी जोड़ने में महत्वपूर्ण सुराग साबित हो सकता है।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के इलाके में मौजूद संभावित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। इसके साथ ही राहुल के मोबाइल नंबर का कॉल डिटेल रिकॉर्ड, टावर लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
एसपी ने कहा कि जांच के दौरान पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। इन सुरागों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है और जल्द ही संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जाएगी।
परिजनों ने हत्या को बताया साजिश
राहुल की हत्या की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी विभा देवी, मां-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी कई बार बदहवास होकर गिर पड़ रही थीं। परिजनों ने हत्या को साजिश बताया है। उनका आरोप है कि राहुल को योजनाबद्ध तरीके से बुलाकर उसकी हत्या की गई। परिजनों ने गांव और घटनास्थल के आसपास के कुछ लोगों पर संदेह भी जताया है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी आरोप की पुष्टि नहीं की है और मामले की सभी संभावित कोणों से जांच की जा रही है।
पुलिस द्वारा शव की तलाशी लिए जाने पर राहुल की जेब से हजारों रुपये बरामद होने की बात सामने आई है। ऐसे में पुलिस लूट या रुपये के लिए हत्या की आशंका के अलावा अन्य कारणों की भी जांच कर रही है। घटनास्थल पर मिली पल्सर बाइक की पहचान और उसके मालिक तक पहुंचना जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
राहुल पर पहले से दर्ज थे आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार, राहुल के खिलाफ पूर्व में तीन-चार आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं। इनमें मारपीट, जानलेवा हमला और रंगदारी से जुड़े मामले शामिल बताए जा रहे हैं। अप्रैल 2021 में पुलिस ने उसे अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार भी किया था। फिलहाल वह पूर्व के मामलों में जमानत पर था।
ये भी पढ़ें- भरत तिवारी एनकाउंटर मामला: सरकार की मदद की घोषणा पर मां ने कहा- परिवार की पहली प्राथमिकता न्याय है
पुलिस अब राहुल के पुराने आपराधिक संपर्कों, उसके साथ उठने-बैठने वाले लोगों और पूर्व विवादों की भी पड़ताल कर रही है। एसपी के अनुसार, यह जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिससे हत्या के पीछे की वजह और हत्यारों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।
अब बड़ा सवाल यह है कि राहुल मंदिर से पकरा की बांसबाड़ी तक किसके साथ पहुंचा, वहां उसे किसने बुलाया और हत्या के बाद घटनास्थल पर बाइक छोड़कर हमलावर कहां फरार हुए। पुलिस की तकनीकी जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट इन सवालों के जवाब देने में अहम साबित हो सकती है।