बिहार विधानसभा चुनाव के तीनों चरण पूरे हो चुके हैं। अब बिहार की जनता और देश को इन चुनावों के परिणाम का इंतजार है। ये नतीजे 10 नवंबर को सामने आएंगे लेकिन उससे पहले तमाम एग्जिट पोल में बिहार की भविष्य की राजनीति के संकेत सामने आए हैं। ये एग्जिट पोल नीतीश के लिए संकट तो तेजस्वी के लिए राहत की खबर लाए हैं। वहीं, सवाल ये भी उठ रहे हैं कि कहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हनुमान लंका की जगह अयोध्या में आग तो नहीं लगा आए। आइए जानते हैं विभिन्न एग्जिट पोल की क्या है कहानी...
बिहार एग्जिट पोल: कहीं लंका की जगह अयोध्या तो नहीं जला आए पीएम मोदी के हनुमान
इंडिया टुडे एक्सिस माई इंडिया: नीतीश से आगे तेजस्वी
इंडिया टुडे एक्सिस माई इंडिया का एग्जिट पोल राजद नेता तेजस्वी यादव को वर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से आगे बता रहा है। इसके अनुसार बिहार की 44 फीसदी जनता ने तेजस्वी को मुख्यमंत्री के लिए पसंद किया है वहीं नीतीश केवल 35 फीसदी लोगों की पसंद बने हैं। सुशील मोदी को तीन तो जीतनराम मांझी को केवल एक फीसदी जनता सीएम देखना चाहती है।
एबीपी सी वोटर एग्जिट पोल: कांटे की टक्कर के आसार
एबीपी सी वोटर के एग्जिट पोल के अनुसार बिहार में दोनों गठबंधनों के बीच कांटे की टक्कर के आसार हैं। सी वोटर के एग्जिट पोल के अनुसार भाजपा-जदयू गठबंधन को 104 से 128 सीटें मिल सकती हैं तो तेजस्वी यादव की अगुवाई वाले महागठबंधन को 108 से 131 सीटें मिलने का अनुमान है। चिराग पासवान की लोजपा को महज एक से तीन सीट मिलने का अनुमान लगाया गया है।
टाइम्स नाउ सी वोटर एग्जिट पोल: तेजस्वी यादव आगे
टाइम्स नाउ सी वोटर एग्जिट पोल में भी कांटे का मुकाबला बताया गया है। इसके अनुसार विपक्षी महागठबंधन को 120 सीटें मिल सकती हैं को एनडीए को 116 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। लोजपा को एक सीट मिलने की उम्मीद है वहीं छह सीटें अन्य के खाते में जा सकती हैं। टाइम्स नाउ सी वोटर का एग्जिट पोल भी चुनावों के नतीजे में कड़ी टक्कर की ओर इशारा कर रहा है।
कुछ ऐसी हो सकती है प्रधानमंत्री मोदी के 'हनुमान' की स्थिति
खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हनुमान बताने वाले लोजपा प्रमुख चिराग पासवान की स्थिति एग्जिट पोल के अनुसार और खराब होने वाली है। एबीपी सी वोटर ने लोजपा को एक से तीन के बीच सीटें दी हैं। सी वोटर के प्रमुख यशवंत देशमुख के अनुसार जिन सीटों पर भाजपा प्रत्याशी रहे वहां लोजपा को ढाई फीसदी वोट भी मिलने की संभावना नहीं है। वहीं, जदयू के खिलाफ लोजपा 14.5 फीसदी वोट पा सकती है। रिपब्लिक भारत के एग्जिट पोल में लोजपा को पांच से आठ सीटें दी गई हैं। वहीं, टाइम्स नाउ का एग्जिट पोल लोजपा को एक सीट ही दे रहा है।