BSEB Exam: दो मई से बिहार बोर्ड की मैट्रिक और इंटर की कम्पार्टमेंटल परीक्षा, आनंद किशोर ने दी सारी जानकारी
बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने कहा कि प्रत्येक 25 परीक्षार्थियों पर एक वीक्षक की तैनाती होगी। हर केंद्र पर सीसीटीवी और वीडियोग्राफी की व्यवस्था अनिवार्य की गई है। परीक्षा कक्ष में केंद्राधीक्षक को छोड़कर कोई भी मोबाइल फोन लेकर नहीं जा सकेगा।
विस्तार
बिहार बोर्ड की मैट्रिक और इंटर परीक्षा में खराब प्रदर्शन करने वाले परीक्षार्थियों के लिए काम की खबर है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा इंटरमीडिएट और मैट्रिक विशेष और कम्पार्टमेंटल परीक्षा का आयोजन दो मई से दो पालियों में शुरू होगा। परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी जिलाधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों, जिला शिक्षा पदाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने परीक्षाओं को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त कराने के लिए सख्त गाइडलाइन जारी की है। सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले केंद्र में प्रवेश करना होगा, जबकि मुख्य द्वार आधा घंटा पहले बंद कर दिया जाएगा।
आनंद किशोर ने कहा कि देर से पहुंचने पर यदि कोई अभ्यर्थी जबरन प्रवेश करता है या दीवार फांदकर अंदर आता है, तो उसे दो वर्षों के लिए परीक्षा से निष्कासित कर एफआईआर दर्ज की जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित केंद्राधीक्षक और जिम्मेदार कर्मियों पर भी कार्रवाई होगी। परीक्षा केंद्र पर स्मार्ट वॉच, इलेक्ट्रॉनिक या मैग्नेटिक घड़ी पहनना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। हर परीक्षार्थी की दो स्तर पर तलाशी ली जाएगी। पहली गेट पर और दूसरी परीक्षा कक्ष में। साथ ही केंद्रों पर धारा 163 लागू रहेगी और बाहरी लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। दिव्यांग परीक्षार्थियों को लेखक (राइटर) की सुविधा दी जाएगी। साथ ही उन्हें प्रत्येक घंटे 20 मिनट अतिरिक्त समय मिलेगा।
Bihar : भाजपा सरकार ने इंदिरा गांधी के बेटे का नाम कहां-कहां से हटाया? CM सम्राट चौधरी का फैसला चर्चा में
जानिए इंटरमीडिएट के कम्पार्टमेंटल परीक्षा का कार्यक्रम
इंटर विशेष परीक्षा में 6,500 और कम्पार्टमेंटल में 63,793 अभ्यर्थी शामिल होंगे। कुल 70,293 परीक्षार्थियों के लिए 120 केंद्र बनाए गए हैं। पहले दिन 2 मई को पहली पाली में हिंदी विषय की परीक्षा होगी। दूसरी पाली में विज्ञान के लिए जीव विज्ञान, कला के लिए इतिहास और वोकेशनल के लिए अंग्रेजी की परीक्षा आयोजित की जाएगी। पटना जिले में 3,769 परीक्षार्थियों के लिए 8 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा 11 मई तक चलेगी, जबकि प्रैक्टिकल परीक्षा 13 और 14 मई को होगी। प्रत्येक पेपर में 15 मिनट का अतिरिक्त समय प्रश्न पढ़ने के लिए दिया जाएगा।
जानिए मैट्रिक के कम्पार्टमेंटल परीक्षा का कार्यक्रम
मैट्रिक विशेष परीक्षा में 6,034 और कम्पार्टमेंटल में 62,581 परीक्षार्थी शामिल होंगे। कुल 68,615 अभ्यर्थियों के लिए 159 केंद्र बनाए गए हैं। दो मई को पहली पाली में मातृभाषा (हिंदी, बांग्ला, उर्दू, मैथिली) और दूसरी पाली में द्वितीय भारतीय भाषा (संस्कृत, हिंदी, अरबी, फारसी, भोजपुरी) की परीक्षा होगी। पटना जिले में 3,726 परीक्षार्थियों के लिए 7 केंद्र बनाए गए हैं। यह परीक्षा छह मई को समाप्त होगी।
कंट्रोल रूम भी बनाया गया
बिहार बोर्ड के अध्यक्ष ने कहा कि परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए समिति ने कंट्रोल रूम स्थापित किया है, जो 15 मई तक रोज सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक कार्यरत रहेगा। किसी भी समस्या पर 0612-2232227 और 0612-2232257 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।
