Bihar News: सड़क दुर्घटना में पति-पत्नी की मौत, जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे थे दंपति
Bihar News: नवादा में जन्मदिन समारोह से लौट रहे दंपति की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उनकी 11 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद चालक फरार है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
विस्तार
नवादा जिले में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनकी 11 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा नेमदारगंज थाना क्षेत्र के चेता बीघा गांव के पास उस समय हुआ, जब परिवार एक पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहा था।
जन्मदिन समारोह में शामिल होकर आ रहा था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेली टोला निवासी पंकज कुमार (35) अपनी पत्नी सुषमा देवी (35) और बेटी परी कुमारी (11) के साथ अपनी साली के बेटे के जन्मदिन समारोह में शामिल होकर घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों सड़क पर गिर पड़े।
बेटी की हालत गंभीर
घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नेमदारगंज थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने पंकज कुमार और उनकी पत्नी सुषमा देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी बेटी परी कुमारी की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायल बच्ची को बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
ये भी पढ़ें: बाइक और टोटो की टक्कर में चालक की मौत, दो घायल
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। बड़ी संख्या में मोहल्ले के लोग और परिजन अस्पताल पहुंचे। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक परिवार में कोहराम मच गया है। पंकज और सुषमा अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुट गई है तथा मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद तेली टोला मोहल्ले में मातम का माहौल है। पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार को इस बात की चिंता सता रही है कि अब बच्चों की देखभाल कौन करेगा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.