Bihar Crime: गयाजी में सूने मकान से छह लाख की चोरी, छत की ग्रिल तोड़कर घर में घुसे बदमाश; पुलिस जांच में जुटी
गया जी के डेल्हा थाना क्षेत्र के छोटकी नवादा में सूने मकान से चोर करीब छह लाख रुपये के गहने, नकदी, लैपटॉप समेत कीमती सामान चोरी कर ले गए। परिवार ससुराल गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गया शहर के डेल्हा थाना क्षेत्र के छोटकी नवादा मोहल्ले में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब छह लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। परिवार के ससुराल जाने के दौरान हुई इस वारदात में बदमाश छत की ग्रिल तोड़कर घर में घुसे और सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, लैपटॉप समेत कई कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। पीड़ित ने डेल्हा थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
डीजे के शोर में दिया वारदात को अंजाम
पीड़ित विशाल कुमार, जो साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एसबीपीडीसीएल) में परिचारी के पद पर कार्यरत हैं, ने बताया कि 24 जुलाई की रात वह परिवार के साथ डेल्हा स्थित अपने ससुराल गए हुए थे। घर पूरी तरह खाली था। इसी का फायदा उठाकर चोर छत पर लगी ग्रिल तोड़कर अंदर दाखिल हुए और आराम से चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।
पढे़ं: बाबा गरीबनाथ कॉरिडोर को ₹6.19 करोड़ की मंजूरी, श्रावणी मेले से पहले शिवभक्तों को बड़ी सौगात
बर्थडे पार्टी का शोर बना चोरों के लिए मौका
परिजनों के अनुसार, जिस रात चोरी हुई, उसी रात पड़ोस के एक घर में जन्मदिन की पार्टी चल रही थी। तेज आवाज में डीजे बजने के कारण किसी को भी संदिग्ध गतिविधियों की भनक नहीं लगी। आशंका है कि चोरों ने इसी शोर का फायदा उठाकर पूरे घर को खंगाल डाला।
गहने, नकदी, लैपटॉप समेत लाखों का सामान चोरी
थाने में दिए गए आवेदन के मुताबिक चोर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, लैपटॉप, गैस सिलेंडर, पीतल के बर्तन, कपड़े और सर्दियों के वस्त्र सहित करीब छह लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। परिवार जब घर लौटा तो कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और चोरी का पता चला। पीड़ित ने अपने आवेदन में एक पड़ोसी पर संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले किसी की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की जा सकती। डेल्हा थाना पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
बढ़ती चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में इलाके में चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और संवेदनशील इलाकों में निगरानी मजबूत करने की मांग की है।