Bihar: 2 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे 102 एम्बुलेंस कर्मी, बैठक में तय की गई रणनीति
Bihar: कर्मी संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। हड़ताल की स्थिति में जिले की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो सकती हैं।

विस्तार
लखीसराय जिले के 102 एम्बुलेंस कर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आगामी 2 सितम्बर 2025 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का एलान किया है। गुरुवार को सदर अस्पताल प्रांगण में आयोजित बैठक में यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक की अध्यक्षता कर्मी संघ के अध्यक्ष किशोर मालाकार ने की।

बैठक में तय किया गया कि हड़ताल के दौरान प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक सभी कर्मी सदर अस्पताल परिसर में मौजूद रहेंगे और जिले की सभी 102 एम्बुलेंस गाड़ियां भी वहीं पर खड़ी की जाएंगी।
पढे़ं; किशोरी के साथ गैंगरेप व हत्या के विरोध में ग्रामीणों का बवाल, आगजनी कर एनएच-30 किया जाम
कर्मियों ने अपनी प्रमुख समस्याओं को विस्तार से रखते हुए कहा कि लंबे समय से श्रम अधिनियम का उल्लंघन, 12-12 घंटे की जबरन ड्यूटी, वेतन से नाजायज कटौती, वेतन पर्ची और नियुक्ति पत्र उपलब्ध न कराना, तथा एम्बुलेंस खराब हो जाने पर कर्मियों का वेतन काट लेना जैसी समस्याएं बनी हुई हैं। कई बार प्रबंधन से शिकायत करने के बावजूद समाधान नहीं हुआ।
कर्मी संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। हड़ताल की स्थिति में जिले की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो सकती हैं। एम्बुलेंस कर्मियों ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से अपील की है कि समय रहते उनकी जायज़ मांगों पर ध्यान दिया जाए, ताकि आम जनता आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न हो।